


एकता मार्च में उमड़ा जनसैलाब, पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत — “सरदार पटेल अमर रहें” के नारों से गुंजा बिलासपुर
बिलासपुर, 11 नवम्बर।
भारत के लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, स्वदेशी भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने हेतु आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री सह बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू के नेतृत्व में एक भव्य “यूनिटी मार्च” (एकता यात्रा) का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बिल्हा विधानसभा के तिफरा स्थित माँ काली मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के पश्चात किया गया। इस अवसर पर केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री साहू ने कहा कि यह एकता यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन है। सरदार पटेल का दृढ़ नेतृत्व, कूटनीतिक कौशल और अखंड भारत के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करती है। यह यात्रा सरदार पटेल के एकीकृत भारत के स्वप्न को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के मिशन से जोड़ते हुए, जनभागीदारी का सशक्त प्रतीक बनेगी।”
श्री साहू ने नागरिकों को स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत निर्माण की शपथ दिलाई तथा यूनिटी मार्च रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यात्रा के मुख्य आकर्षण में सरदार वल्लभभाई पटेल की भव्य प्रतिमा से सुसज्जित रथ रहा, जो राष्ट्रीय एकता और दृढ़ संकल्प का प्रतीक बना। पूरे मार्ग में “सरदार पटेल अमर रहें”, “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” और “जय एकता, जय भारत” के नारे गूंजते रहे।
विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारी संगठनों द्वारा मार्ग में पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। स्थान-स्थान पर नागरिकों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से यात्रियों का अभिनंदन किया।
यूनिटी मार्च में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, प्रदेश महामंत्री श्रीमती हर्षिता पांडेय, बिलासपुर शहर अध्यक्ष दीपक सिंह, ग्रामीण अध्यक्ष मोहित जायसवाल, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे
एकता मार्च में समाजसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, व्यापारी संगठनों, एनएसएस, एनसीसी, माई भारत वालंटियर्स सहित अनेक विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सुआ नृत्य और जनजातीय नृत्य प्रस्तुतियों ने यात्रा को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया।
लगभग 2 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा नेहरू चौक से बिलासा चौक तक निकाली गई। नेहरू चौक में स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए तथा बिलासा देवी, कर्मा देवी, भारत माता और संत वाल्मीकि सहित अनेक महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया।
यात्रा का समापन नवीन शबरी कन्या महाविद्यालय में हुआ, जहां स्वच्छता दीदियों एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित श्रीमती अंकिता पांडेय तथा श्री नितेश साहू को “युवा आइकॉन” के रूप में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन सत्र में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक एवं केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने उपस्थित नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, स्वदेशी भावना और सेवा-समर्पण के संदेश से प्रेरित किया। साथ ही साहू ने कहा कि यह एकता यात्रा न केवल सरदार वल्लभभाई पटेल की अमर विरासत को नमन करती है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में जनता के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनी।
