इंसानियत शर्मसार: रिवर व्यू में सड़क पर फेंका नवजात का भ्रूण बिलासपुर में एक साल में चौथी घटना, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

बिलासपुर। न्यायधानी एक बार फिर शर्मसार हुई है। रिवर व्यू रोड पर मंगलवार सुबह सड़क किनारे कपड़े में लिपटा नवजात का भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने खून से सने नारंगी कपड़े में लिपटा पैकेट देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पत्थर से दबा कर फेंका था पैकेट
मौके पर पहुंची पुलिस को डिवाइडर के पास नारंगी कपड़े में लिपटा भ्रूण मिला, जिसे पत्थर से दबाया गया था। आशंका है कि लोक-लाज छुपाने के लिए रात के अंधेरे में किसी ने इसे फेंक दिया। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेज दिया है।

एक साल में चौथी वारदात
रिवर व्यू की ये घटना अकेली नहीं है। बिलासपुर मासूमों के लिए कब्रगाह बनता जा रहा है:

  1. मार्च 2026: बेलगहना के तालाब में 2 दिन की बच्ची को जिंदा फेंका गया।
  2. जुलाई 2024: मस्तूरी में 24 दिन की बच्ची का शव कुएं से मिला।
  3. अगस्त 2024: मस्तूरी में ही झाड़ियों में कपड़े से लिपटा नवजात मिला।

पुलिस का एक्शन
कोतवाली थाना प्रभारी देवेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस जांच कर रही है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है। साथ ही पिछले 7 दिनों में हुए सभी प्रसव का रिकॉर्ड अस्पतालों, नर्सिंग होम और मितानिनों से जुटाया जा रहा है।

लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही इन वारदातों ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सरकारी अस्पतालों में लापरवाही का आरोप लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *