
बिलासपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित चेतना हाल में बिलासपुर पुलिस द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह ने अपनी धर्मपत्नी वंदना सिंह के साथ कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट पुलिसिंग और समर्पण की मिसाल पेश करने वाले 83 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
विभिन्न क्षेत्रों में किया उल्लेखनीय कार्य
सम्मानित पुलिसकर्मियों ने एयरपोर्ट सुरक्षा, न्यायालयीन दायित्व, अपराध निराकरण, एनडीपीएस मामलों की विवेचना, डायल-112, सीसीटीएनएस, वीआईपी सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, बीट सिस्टम, आसूचना संकलन, गंभीर अपराधों की गिरफ्तारी और पुलिस नियंत्रण कक्ष सहित विभिन्न जिम्मेदारियों में सराहनीय योगदान दिया।
उप पुलिस अधीक्षक पंकज अवस्थी को एयरपोर्ट सुरक्षा एवं उच्च न्यायालय संबंधी दायित्वों के बेहतर निर्वहन पर, निरीक्षक श्वेता मिश्रा गौरहा को उच्च न्यायालय में गृह विभाग के न्यायालयीन कार्यों में, निरीक्षक प्रदीप आर्य को संपत्ति बरामदगी और अपराध निराकरण तथा निरीक्षक राहुल तिवारी को डायल-112 के सुव्यवस्थित संचालन में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
उप निरीक्षक इन्द्रनाथ नायक और सहायक उप निरीक्षक विदेशी राम साहू ने एनडीपीएस के दो मामलों में उत्कृष्ट विवेचना कर आरोपियों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
देशभक्ति से सराबोर रहा माहौल
समारोह सिर्फ सम्मान तक सीमित नहीं रहा। पुलिस परिवार के सदस्यों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। एसएसपी रजनेश सिंह ने भी गीत गायन में सहभागिता कर पुलिस परिवार के साथ आत्मीयता जाहिर की।
इस अवसर पर एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि “आप लोगों के बेहतर कार्य करने से मेरी वर्दी की शान और बढ़ती है।” उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, तत्परता और संवेदनशीलता सबसे महत्वपूर्ण हैं।
ये रहे मौजूद
समारोह में एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह, एएसपी शहरी पंकज पटेल, एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे, सीएसपी कोतवाली गन कुमार आईपीएस, सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार, सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव, एसडीपीओ सुदीप सरकार, एसडीपीओ कोटा नूपुर उपाध्याय, डीएसपी लाइन मंजुलता केरकेट्टा, डीएसपी आईयूसीएडब्ल्यू अनिता नाग, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिवारजन मौजूद रहे।