अलग नगर निगम दो वरना…’ अरपा पार में उबाल, 1 सितंबर से आमरण अनशन का ऐलान

बिलासपुर। अरपा पार क्षेत्र को अलग नगर निगम बनाने की मांग अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। नागरिक सुरक्षा मंच ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंच के संयोजक अमित तिवारी 1 सितंबर से आमरण अनशन पर बैठने की घोषणा कर चुके हैं।

सोमवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में अमित तिवारी ने कहा कि अरपा पार की जनता अब और इंतजार नहीं करेगी।

22 वार्ड, 1 निगम - सुविधाओं का संकट
उन्होंने बताया कि वर्तमान में अरपा पार क्षेत्र बिलासपुर नगर निगम के 22 वार्डों में शामिल है। क्षेत्र की आबादी और भौगोलिक विस्तार लगातार बढ़ रहा है। इसके बाद भी यहां विकास कार्य और मूलभूत सुविधाओं के लिए नागरिकों को दर-दर भटकना पड़ रहा है।
“अलग नगर निगम का गठन ही इस समस्या का स्थायी समाधान है। इससे क्षेत्र में योजनाबद्ध विकास हो सकेगा और प्रशासनिक सुविधा बढ़ेगी” – तिवारी ने कहा।

केंद्र ने लिखा पत्र, राज्य में नहीं हुई कार्रवाई
मंच ने इस मांग को लेकर केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर को ज्ञापन सौंपा था। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ शासन को पत्र भेजकर इस विषय पर आवश्यक कार्रवाई कर निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
इसके बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं होने पर मंच ने आंदोलन का रास्ता चुना है।

मांग पूरी होने तक अनशन जारी रहेगा
अमित तिवारी ने स्पष्ट किया कि 1 सितंबर से शुरू होने वाला आमरण अनशन मांग पूरी होने तक अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने अरपा पार क्षेत्र के नागरिकों से इस आंदोलन में सहयोग करने और भागीदारी निभाने की अपील की।

नागरिक सुरक्षा मंच का कहना है कि बढ़ती आबादी और विकास की जरूरतों को देखते हुए राज्य सरकार को इस दिशा में तत्काल निर्णय लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *