
द्रोण पब्लिक स्कूल में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को मंगला के समीप स्थित कल्याण कुंज वृद्धाश्रम ले जाया गया, जहाँ विद्यार्थियों ने आश्रम में रहने वाले दादा-दादियों को राखी बाँधी और उनका आशीर्वाद लिया।
बच्चों को देखकर वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने बच्चों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर अपनापन और प्रसन्नता महसूस की। बुजुर्गों ने बच्चों को स्नेह एवं आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे जीवन में खूब पढ़ें, आगे बढ़ें और अच्छे इंसान बनें।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं विद्यालय प्रबंधन की ओर से वृद्धाश्रम के लिए मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री भी भेंट की गई। बच्चों और बुजुर्गों के बीच प्रेम, सम्मान एवं आत्मीयता के इस भाव ने कार्यक्रम को यादगार एवं अविस्मरणीय बना दिया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से चेयरमैन डॉ. अशोक पांडेय, सचिव मीनू पांडेय, प्राचार्या मानसी गोवर्धन एवं उपप्राचार्या रमा मिश्रा ने सभी को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा सभी के स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं प्रतिभा गुप्ता एवं प्रीति साहू का विशेष सहयोग रहा।