
बिलासपुर। द्रोण पब्लिक स्कूल में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कक्षा 8वीं एवं 9वीं के विद्यार्थियों ने गोंडपारा स्थित संस्कृत विद्यालय एवं गोल बाजार स्थित वेंकटेश मंदिर में पहुँचकर वहाँ अध्ययनरत विद्यार्थियों को राखी बाँधी। बच्चों ने एक-दूसरे के प्रति स्नेह एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करते हुए रक्षा का आश्वासन लिया और दिया।
द्रोण पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने संस्कृत विद्यालय के बच्चों को मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री भी भेंट की। साथ ही उन्हें उनकी आगामी पढ़ाई के लिए शुभकामनाएँ देते हुए “ऑल द बेस्ट” कहा। इस आत्मीय पहल ने रक्षाबंधन के पर्व को और भी यादगार एवं अविस्मरणीय बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा एवं संस्कृति की समृद्ध धरोहर को आगे बढ़ाने तथा संस्कृत के अध्ययन के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश भी दिया गया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से चेयरमैन डॉ. अशोक पांडेय, सचिव मीनू पांडेय, प्राचार्या मानसी गोवर्धन एवं उपप्राचार्या रमा मिश्रा ने सभी को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं श्रद्धा गुप्ता एवं विधि सिंह का विशेष सहयोग रहा। विद्यार्थियों की इस पहल की संस्कृत विद्यालय के बच्चों एवं उपस्थित लोगों ने सराहना की और कार्यक्रम ने प्रेम, भाईचारे एवं भारतीय संस्कृति का सुंदर संदेश दिया।