दूसरों की मदद करना और दुआएं कमाना ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है – बीके स्वाति दीदी

16 नवम्बर 2026, बिलासपुर।
जब हम निस्वार्थ भाव से किसी जरूरतमंद की मदद करते हैं, तो उसके हृदय से निकलने वाली सच्ची दुआएं हमारे जीवन का सबसे बड़ा सुरक्षा कवच बन जाती हैं। दूसरों की सहायता करना और दुआएं कमाना ही जीवन की सबसे बड़ी आध्यात्मिक पूंजी है। पुलिस विभाग के पास जनसेवा और असहाय लोगों की मदद करने का सबसे सुंदर अवसर होता है। जब कोई पुलिस अधिकारी केवल अपनी ड्यूटी समझकर नहीं, बल्कि करुणा और सेवा भाव से किसी पीड़ित की मदद करता है, तो उसका अपना मानसिक तनाव स्वतः ही समाप्त हो जाता है और उसे एक अद्भुत आंतरिक संतुष्टि व खुशी का अनुभव होता है।
उक्त प्रेरणादायी विचार ब्रह्माकुमारीज़ बिलासपुर के मुख्य सेवाकेंद्र ‘राजयोग भवन’ की संचालिका बीके स्वाति दीदी ने व्यक्त किए। बिलासपुर रेंज में आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय ‘रेंज स्तरीय रिफ्रेशर कोर्स’ के आठवें बैच में पुलिस अधिकारियों को मानसिक संबल प्रदान करने हेतु ‘तनाव मुक्ति और मानसिक स्वास्थ्य’ विषय पर इस विशेष सत्र का आयोजन किया गया। चेतना हॉल में संपन्न हुए इस सत्र में रेंज के विभिन्न थानों व विभागों से आए 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बीके स्वाति दीदी ने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और कार्यस्थल के भारी दबाव के बीच यदि हम दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने का कारण बनते हैं, तो हमारे मस्तिष्क में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। दुआओं में इतनी शक्ति होती है कि वे कठिन से कठिन परिस्थितियों और विपरीत समय को भी सहजता से टाल देती हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर दिन कम से कम एक ऐसा कार्य जरूर करें जिससे किसी का भला हो, क्योंकि यही सच्ची मानवता और ईश्वर की श्रेष्ठ सेवा है।
बीके स्वाति दीदी ने दुआओं के गहरे महत्व को समझाते हुए आगे कहा कि दुनिया की हर भौतिक संपत्ति और पद-प्रतिष्ठा यहीं रह जाती है, लेकिन नि:स्वार्थ सेवा से कमाई गई दुआएं हमारी ‘अविनाशी कमाई’ होती हैं, जिनका कभी अंत नहीं होता। यह एक ऐसा दिव्य बैंक बैलेंस है जो हर जन्म में हमारे साथ चलता है। जीवन के सफर में जब कभी कोई विकट, कठिन या विपरीत परिस्थिति हमारे सामने आती है, जहाँ मनुष्य के सारे साधन और बुद्धि काम करना बंद कर देते हैं, तब यही दुआएं हमारी सबसे बड़ी मददगार बनकर सामने आती हैं। दुआओं में इतनी अद्भुत शक्ति होती है कि वे बड़े से बड़े संकट को टाल देती हैं और विपरीत परिस्थितियों से हमें सुरक्षित बाहर निकाल लेती हैं। जब एक पुलिस अधिकारी अपनी ड्यूटी के दौरान किसी असहाय या पीड़ित के आंसू पोंछता है, तो उस पीड़ित के दिल से निकली एक सच्ची दुआ उस अधिकारी और उसके पूरे परिवार के लिए अभेद्य सुरक्षा कवच का निर्माण करती है। यह आंतरिक संतुष्टि ही तनाव मुक्ति का सबसे अचूक माध्यम है।
वरिष्ठ अधिकारियों का अनुकरणीय मार्गदर्शन व विशेष सहयोग –
इस पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं आयोजन पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रामगोपाल गर्ग , वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मधुलिका सिंह के कुशल मार्गदर्शन, निरंतर सहयोग एवं प्रेरणा से संपन्न हो रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की इसी दूरदर्शी सोच के कारण पुलिस बल को आंतरिक रूप से सशक्त और संवेदनशील बनाने के लिए ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के इस विशेष सत्र को तीन दिवसीय पाठ्यक्रम में प्रमुखता से शामिल किया गया है। इस सत्र को सफल बनाने में ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके संतोषी दीदी और सुप्रसिद्ध समाजसेवी डॉक्टर कमल छाबड़ा का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *