प्रभु दर्शन भवन में विश्व शांति के लिए किया सामूहिक राजयोग ध्यान

तृतीय रविवार – वर्ल्ड मेडिटेशन डे पर टिकरापारा में विशेष योग सत्र; परमात्म स्मृति में बैठकर विश्व की आत्माओं को दी शांति, प्रेम और पवित्रता की शुभकामनाएं

*बिलासपुर, टिकरापारा। विश्व में शांति, प्रेम और सद्भावना का वातावरण बनाने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को मनाए जाने वाले ‘वर्ल्ड मेडिटेशन डे’ (विश्व ध्यान दिवस) के अवसर पर टिकरापारा स्थित प्रभु दर्शन भवन में विशेष सामूहिक राजयोग मेडिटेशन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाई-बहनों ने एक संकल्प में एक साथ परमात्म स्मृति में बैठकर विश्व शांति के लिए योग किया।

सेवाकेंद्र प्रभारी बीके मंजू दीदी ने कहा कि विश्व में शांति लाने का आरंभ प्रत्येक व्यक्ति के अपने मन से होता है। जब हम स्वयं शांत, प्रेमपूर्ण और सकारात्मक बनते हैं, तभी दूसरों को भी शांति का अनुभव करा सकते हैं।

मौन और एकाग्रता से विश्व सेवा का अनुभव

विशेष योग सत्र में बिना किसी बाहरी संगीत या धुन के गहन मौन में परमात्मा की याद का अभ्यास कराया गया। सभी ने स्वयं को शांत स्वरूप आत्मा अनुभव करते हुए चारों दिशाओं में बिलासपुर शहर, देश और संपूर्ण विश्व की आत्माओं के लिए शांति, प्रेम एवं पवित्रता के सकारात्मक प्रकंपन फैलाने का अभ्यास किया।

मंजू दीदी ने बताया कि राजयोग मेडिटेशन केवल मन को तनावमुक्त और एकाग्र बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि श्रेष्ठ संकल्पों द्वारा विश्व की सेवा करने का भी सशक्त साधन है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन कुछ समय मेडिटेशन के लिए निकालने और अपने जीवन में शांति एवं सद्भावना को अपनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *