

श्री श्याम मंदिर में 16वें वार्षिक उत्सव की तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप, दिवंगत पूर्व न्यासियों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
20 नवंबर को प्रातः 11 बजे निकलेगी ऐतिहासिक 150वीं निशान यात्रा, प्रवेश-निकास के लिए रूट मैप जारी
बिलासपुर, 18 नवंबर 2026। श्री श्याम मंदिर कार्यालय में आज मंदिर ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 19, 20 एवं 21 नवंबर को आयोजित होने वाले श्री श्याम मंदिर के 16वें वार्षिक उत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा आयोजन को भव्य, व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए अंतिम तैयारियों की रूपरेखा निर्धारित की गई।
बैठक के दौरान एक महत्वपूर्ण एवं भावनात्मक निर्णय लेते हुए मंदिर ट्रस्ट के उन पूर्व न्यासियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया, जिन्होंने अपने जीवनकाल में मंदिर की सेवा, संचालन एवं विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया था। दिवंगत पूर्व न्यासियों की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से उनके छायाचित्र मंदिर कार्यालय में स्थापित किए गए। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने छायाचित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर स्वर्गीय संजय नूनिया, स्वर्गीय गणेश पिपलवा, स्वर्गीय रामनारायण, स्वर्गीय मूलचंद खण्डेलवाल, स्वर्गीय प्रभुदयाल खण्डेलवाल, स्वर्गीय अशोक अरोड़ा, स्वर्गीय रामजी लाल एवं स्वर्गीय बजरंग अग्रवाल के छायाचित्र मंदिर कार्यालय में स्थापित किए गए।
बैठक में आगामी 20 नवंबर को आयोजित होने वाली 150वीं निशान यात्रा की व्यवस्थाओं पर भी विशेष चर्चा की गई। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा सुगम एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो, इसके लिए प्रवेश एवं निकास द्वार की व्यवस्था निर्धारित करने, निशान उठाने के समय राम मंदिर, तिलक नगर में आवश्यक प्रबंध करने तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुव्यवस्थित रखने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
150वीं निशान यात्रा का विवरण –
दिनांक: 20 नवंबर 2026
समय: प्रातः 11 बजे
स्थान: जय श्री खाटू श्याम मंदिर, बिलासपुर (छ.ग.)
श्रद्धालुओं के लिए रूट मैप / क्रमबद्ध निर्देश –
- श्री राम मंदिर रोड से निर्धारित प्रवेश द्वार से प्रवेश करें।
- हॉल के दाहिने मार्ग से सीधे आगे बढ़ें।
- पंक्ति में व्यवस्थित होकर निशान पूजन स्थल से निशान प्राप्त करें।
- निशान प्राप्ति के बाद निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ें।
- निर्धारित मार्ग से होते हुए राम मंदिर के पास से निकलें।
- आप अपनी स्वतंत्र चाल में निशान लेकर मंदिर पहुंचें और कतारबद्ध तरीके से ही बाबा को निशान अर्पित करें।
प्रवेश मार्ग: श्री राम मंदिर रोड से हॉल के दाहिने मार्ग से सीधे निशान पूजन स्थल तक
निकास मार्ग: निशान प्राप्ति के बाद निर्धारित मार्ग से राम मंदिर होते हुए मुख्य सड़क तक
ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि सभी निर्धारित मार्ग का पालन करें, जिससे यात्रा सुचारू एवं व्यवस्थित रहे।
बैठक में मधुसूदन झाझरिया, सीताराम जोशी, दीपराज उपाध्याय, कमल सोनी, संजय रजक, अनिल अग्रवाल, कैलाश मुरारका, किशोर मटोलिया, शरद मटोलिया एवं राहुल अरोड़ा उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से 16वें वार्षिक उत्सव को श्रद्धा, भक्ति, सेवा एवं समर्पण के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।