
09 जुलाई 2024, बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह जी द्वारा चलाए जा रहे चेतना अभियान के अंतर्गत दूसरे चरण में साइबर की पाठशाला में साइबर फ्रॉड से पीड़ितों की संख्या कम करने के लिए एवं जोखीम से बचाव के लिए प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरी विश्व विद्यालय बिलासपुर की मुख्य शाखा टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित राजयोग भवन के द्वारा सेवाकेन्द्र संचालिका बीके स्वाति दीदी के मार्गदर्शन में निरन्तर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पिछले 10 दिनों से ब्रह्माकुमारीज के भाई-बहनों द्वारा विभिन्न स्कूल, गार्डन, संस्थाओं आदि में जाकर साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया जा रहा है। देश की एलआईसी एवं बैंकिंग व्यवस्था जितनी तेजी से डिजिटल होते जा रहा है, उतनी ही तेजी से ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर फ्रॉड की घटनाएं सामने आ रही है। आज डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड से लेकर यूपीआई के जरिए ठगी की जा रही है। कभी बीमा एजेंट बनकर या कभी बैंक कर्मचारी बनकर फोन करते हैं और अकाउंट खाली कर जाते हैं। आज इसी तारतम्य में राजयोग भवन सेवाकेंद्र की वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके संतोषी दीदी एवं अंजू दुआ जी ने मगर पारा स्थित भारतीय जीवन बीमा की मुख्य शाखा के प्रबंधक भ्राता अनुराग अग्रवाल जी एवं एस.बी.आई. बैंक एवं पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधकों , अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेतना अभियान, साइबर की पाठशाला से अवगत कराकर लीफलेट नोटिस बोर्ड पर लगाया ताकि आने-जाने वाले ग्राहक उसे पढ़कर साइबर अपराध के प्रति जागरूक हो सके।
इस अवसर पर भारतीय जीवन बीमा की मुख्य शाखा प्रबंधक भ्राता अनुराग अग्रवाल जी ने कहा कि साइबर अपराधों का जोखिम लगातार बढ़ रहा है और इसकी रोकथाम के लिए सिस्टम और टेक्नोलॉजी को अपग्रेड करने की आवश्यकता है। साइबर क्राइम के दुष्परिणामों के प्रति लोगो में जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें प्रशिक्षित करना अति आवश्यक है। इस विषय में पुलिस अधीक्षक माननीय रजनेश सिंह जी के द्वारा चलाई जा रही साइबर की पाठशाला बहुत ही सराहनीय कदम है। अनुराग अग्रवाल जी ने कहा कि अधिकारियों के साथ होने वाली मीटिंग में साइबर की पाठशाला के विषय को अवश्य रखेंगे। साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई में हम हर प्रकार के सहयोग के लिए सदैव तत्पर हैं।
सायबर क्राइम के प्रति अपनी चिंता व्यक्त करते हुवे व्यापार विहार स्थित पंजाब नेशनल बैंक के उपप्रबंधक शिखा कुमारी ने कहा कि वित्तीय संस्थाओं द्वारा ग्राहकों को धोखाधड़ी से बचने के लिये समय समय पर निर्देश दिये जाते हैं परंतु अपराधियों द्वारा रोज़ नये तरीके से अपराध किये जा रहे हैं। जिसे रोकने के लिए ग्राहकों को जागरूक होना आवश्यक है। एस.बी.आई. शाखा प्रबंधक सुनीता सिंह एवं व्यापार विहार स्थित पंजाब नेशनल बैंक के उपप्रबंधक ने चेतना साइबर की पाठशाला में हर सम्भव सहयोग का आश्वासन दिया।