
हिन्दू नववर्ष आगमन एवं रामनवमी के पावन अवसर पर शिव अनुराग भवन में भव्य आयोजन

बिलासपुर। ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा बिलासपुर के राजकिशोर नगर स्थित शिव-अनुराग भवन में राम नवमी एवं हिन्दू नववर्ष के पावन अवसर पर सात दिवसीय आध्यात्मिक ज्ञान श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है। “रामायण का आध्यात्मिक महत्व एवं जीवन प्रबंधन”विषय पर आधारित यह कार्यक्रम 19 मार्च से 26 मार्च 2026 तक प्रतिदिन शाम 6:30 से 8:00 बजे तक आयोजित होगा।
इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी मंजू दीदीद्वारा रामायण के गूढ़ आध्यात्मिक रहस्यों को सरल एवं व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में रामायण के पात्रों का आध्यात्मिक महत्व, जीवन में विवेक, मर्यादा एवं त्याग की भावना तथा आत्मिक उन्नति के मार्ग पर विशेष प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही यह बताया जाएगा कि वर्तमान समय में रामायण के सिद्धांतों को अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन को संतुलित, श्रेष्ठ एवं सफल कैसे बना सकता है।
ब्रह्माकुमारी गायत्री बहन ने बताया कि राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी पिछले लगभग चार दशकों से नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक शिक्षा के माध्यम से समाज सेवा में समर्पित हैं। देश के विभिन्न राज्यों में उन्होंने राजयोग मेडिटेशन और आध्यात्मिक जीवन शैली का संदेश देकर हजारों लोगों को सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा दी है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से आधे घण्टे पूर्व शाम 6 बजे से राजयोग ध्यान का भी अभ्यास कराया जायेगा। रामायण के आध्यात्मिक रहस्यों को जानने तथा जीवन को श्रेष्ठ बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस ज्ञान श्रृंखला में सभी शहरवासियों को सपरिवार शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित हैं।