विश्व बंधुत्व और मानवता की सच्ची सेविका थीं दादी प्रकाशमणि जी — ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी

शिव अनुराग भवन में 19वां पुण्य स्मृति दिवस श्रद्धा से मनाया गया

बिलासपुर। ब्रह्माकुमारी संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी का 19वां पुण्य स्मृति दिवस एवं विश्व बंधुत्व दिवस राज किशोर नगर सेवाकेंद्र के शिव अनुराग भवन में श्रद्धा एवं आध्यात्मिक भाव से मनाया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने दादी जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने दादी जी की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, तपस्या, सरलता, प्रेम, करुणा और विश्व बंधुत्व की भावना से ओत-प्रोत था। वे हर व्यक्ति में अच्छाई देखने और सभी को प्रेम एवं सम्मान देने की प्रेरणा देती थीं। उनका जीवन आध्यात्मिक शक्ति से स्वयं के साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर *माउंट आबू से लाइव जुड़कर वरिष्ठ भाई-बहनों द्वारा दादी प्रकाशमणि जी के साथ रहे अनुभव एवं संस्मरण सुनने का अवसर मिला। उनके संस्मरणों से दादी जी की सहजता, मातृत्व भाव, दूरदर्शिता, अनुशासन और सेवा-भाव की झलक मिली, जिससे उपस्थित भाई-बहन भाव-विभोर हुए।

दादी जी के मानव कल्याण एवं विश्व बंधुत्व के संदेश को आगे बढ़ाते हुए ब्रह्माकुमारीज़ टिकरापारा की ओर से 83 हजार से अधिक नशामुक्ति प्रतिज्ञाएँ समर्पित की गईं। देशव्यापी अभियान के लाइव आंकड़ों के अनुसार भारत में अब तक 3 करोड़ 55 लाख से अधिक नशामुक्ति प्रतिज्ञाएँ दर्ज हो चुकी हैं। दादी जी की स्मृति में नशामुक्त समाज का यह संकल्प उनके मानव कल्याण के संदेश को साकार करने का प्रयास है।

27 अगस्त को रक्षाबंधन का आध्यात्मिक आयोजन

ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने बताया कि आध्यात्मिक महत्व के रक्षाबंधन पर्व का आयोजन गुरुवार, 27 अगस्त को सुबह एवं शाम 6:30 से 8 बजे तक शिव अनुराग भवन में किया जाएगा। परमात्मा को भोग स्वीकार कराने के साथ ईश्वरीय राखी बांधी जाएगी। उन्होंने सभी शहरवासियों को इस अवसर पर ईश्वरीय राखी बंधवाने के लिए खुले हृदय से आमंत्रित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *