राज्य सरकार ने 31 IPS अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए, 8 को अतिरिक्त प्रभार। ढाई साल बाद GP सिंह और आनंद छाबड़ा की मुख्यधारा में वापसी।
रायपुर, 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। शासन ने सोमवार देर शाम 31 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों की नई पदस्थापना सूची जारी की है। इसमें 8 अधिकारियों को वर्तमान जिम्मेदारी के साथ अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
पवन देव बने DG नगर सेना
लंबे समय से पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन की जिम्मेदारी संभाल रहे वरिष्ठ IPS पवन देव को अब महानिदेशक (DG) नगर सेना, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं बनाया गया है। वे DGP की दौड़ में भी शामिल रहे हैं।
GP सिंह की 2.5 साल बाद दमदार वापसी
इस लिस्ट का सबसे बड़ा संदेश GP सिंह और आनंद छाबड़ा की वापसी को माना जा रहा है। ढाई साल से बिना बड़ी जिम्मेदारी के चल रहे गुरजिंदर पाल (GP) सिंह को DG प्रशिक्षण एवं राज्य पुलिस अकादमी की कमान दी गई है।
इसी तरह आनंद छाबड़ा को ADG तकनीकी सेवाएं, डायल-112 एवं दूरसंचार का प्रभार मिला है।
विवेकानंद को नक्सल ऑपरेशन का इनाम
पांच साल तक नक्सल ऑपरेशन की कमान संभालने वाले ADG विवेकानंद को अब पुलिस मुख्यालय के सबसे अहम विभाग – वित्त, योजना एवं प्रबंध का प्रभार दिया गया है। इसे उनके उत्कृष्ट कार्य का इनाम माना जा रहा है।
अन्य बड़े बदलाव:
- SRP कल्लूरी: अब प्रबंध निदेशक, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन
- प्रदीप गुप्ता: ADG प्रशासन एवं संचालक अभियोजन
- दीपांशु काबरा: ADG रेल एवं यातायात
- अमित कुमार: ADG एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स
- ओपी पॉल: IG कानून-व्यवस्था
गृह विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह फेरबदल प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ऑपरेशन तेज करने के लिए किया गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए!