
बिलासपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर लायंस क्लब बिलासपुर स्माइल एवं गुलदस्ता फाउंडेशन ने शहर के पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का अनोखा उदाहरण पेश किया।

संस्था की टीम ने तारबहार थाना प्रभारी रवि शंकर तिवारी, सिविल लाइन थाना प्रभारी मनोज सिंह, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश राठौर और सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य सहित उनकी पूरी टीम के माथे पर अक्षत तिलक लगाकर कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और मुंह मीठा कराया। इस दौरान पुलिस बहनों को भी राखी बांधकर उनके योगदान को नमन किया गया।
“आप हमारी रक्षा करते हैं, आज यह राखी हमारी ओर से एक छोटा-सा धन्यवाद है” – इसी भाव के साथ पुलिसकर्मियों के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
इस सेवा कार्य में लायंस क्लब एवं गुलदस्ता फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष रीता राजगीर, सचिव संगीता लांजेवर, गीता प्रजापति और दृष्टि निर्मलकर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
संस्था पिछले कई वर्षों से न केवल शहर के विभिन्न थानों में जाकर राखी बांधती है, बल्कि सीमा पर तैनात सैनिक भाइयों को भी रक्षा सूत्र भेजती है।
लायंस क्लब का कहना है कि यह सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि उन योद्धाओं के प्रति आभार है जो दिन-रात हमारी सुरक्षा, शांति और व्यवस्था के लिए तत्पर रहते हैं।