
Sub Heading:
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में युवकों के बीच मारपीट से शुरू हुआ विवाद, पथराव के बाद इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
बिलासपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरगंज इलाके में गुरुवार रात दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। युवकों के बीच हुई मारपीट के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव हुआ। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार खपरगंज में एक पक्ष के युवक द्वारा दूसरे पक्ष के युवक के साथ मारपीट किए जाने के बाद विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते गाली-गलौज हुई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर SSP रजनेश सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। SSP ने घटनास्थल का जायजा लिया और जवानों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
फिलहाल खपरगंज और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि विवाद की वास्तविक वजह और पथराव की शुरुआत किस पक्ष से हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।