मिट्टी के गणेश” अपनाकर पर्यावरण का करें सम्मान, स्थानीय कुम्हारों और बाजारों को दें बढ़ावा : कैट बिलासपुर

बिलासपुर। आगामी गणेश उत्सव के पावन पर्व को लेकर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट), बिलासपुर द्वारा एक विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है।

कैट बिलासपुर के जिलाध्यक्ष हीरानंद जयसिंह, कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल और राजेश सैनी ने संयुक्त रूप से आम जनता एवं व्यापारी वर्ग से पर्यावरण-अनुकूल त्योहार मनाने की अपील की है।

प्रकृति का साथ, आस्था पर विश्वास –
कैट पदाधिकारियों ने कहा कि इस वर्ष विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की अगवानी के लिए हम सभी को ‘मिट्टी के गणेश’ की प्रतिमाओं को ही प्राथमिकता देनी चाहिए। प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) और रासायनिक रंगों से बनी मूर्तियाँ जल स्रोतों और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुँचाती हैं, जबकि मिट्टी की मूर्तियाँ पूरी तरह से प्रकृति के अनुकूल होती हैं। मिट्टी के गणेश को अपनाना ही पर्यावरण के प्रति सच्चा सम्मान है।

स्थानीय उत्पादों और बाजारों को बढ़ावा –
‘आया त्योहार, चलो बाजार’ नारे के तहत नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे त्योहार की खरीदारी के लिए स्थानीय बाजारों में जाएँ और स्थानीय उत्पाद खरीदें। ऐसा करने से न केवल स्थानीय व्यापारियों को संबल मिलेगा, बल्कि मिट्टी की सुंदर मूर्तियाँ बनाने वाले पारंपरिक मूर्तिकारों और कुम्हार परिवारों के घरों में भी खुशहाली आएगी।

कैट छत्तीसगढ़ सदैव देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है।

आइए, इस गणेश उत्सव पर संकल्प लें कि आस्था के इस महापर्व को पूरी पवित्रता के साथ मनाएँगे, पर्यावरण की रक्षा करेंगे और स्थानीय व्यापार को नई ऊँचाइयों तक ले जाएँगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *