CAIT छत्तीसगढ़ ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, ऐतिहासिक ‘व्यापारी कर संवाद’ को मिला गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का सम्मान

कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) छत्तीसगढ़ द्वारा आयकर विभाग के सहयोग से आयोजित प्रदेश स्तरीय ‘व्यापारी कर संवाद’ अभियान ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। ‘एक प्रदेश – एक दिन – एक संवाद’ की अभिनव अवधारणा के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक ही दिन आयोजित इस व्यापक संवाद अभियान को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान प्राप्त हुआ है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में CAIT के नेशनल वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने CAIT छत्तीसगढ़ की टीम के साथ गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से प्रदान किए गए मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त किए।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से क्षेत्रीय अधिकारी सोनल शर्मा एवं राजेश शर्मा ने अमर पारवानी एवं CAIT छत्तीसगढ़ की टीम को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अमर पारवानी एवं CAIT छत्तीसगढ़ की पूरी टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा इस अभिनव पहल की सराहना की। यह सम्मान केवल एक विश्व रिकॉर्ड नहीं, बल्कि व्यापारी समाज और आयकर विभाग के बीच विश्वास, संवाद एवं सहयोग की नई संस्कृति को स्थापित करने वाली CAIT छत्तीसगढ़ की अभिनव पहल की राष्ट्रीय पहचान है।

देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के नेशनल वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र गांधी, राष्ट्रीय सचिव राजू सलूजा, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र अजमानी, दिलीप खेंडेलवाल, बिलासपुर जिला अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह, कार्यकारी अध्यक्ष संजय मित्तल, कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, संगठन महामंत्री परमजीत उबेजा ने संयुक्त रूप से यह जानकारी दी।

“यह केवल रिकॉर्ड नहीं, व्यापारी और विभाग के बीच विश्वास की जीत है” – अमर पारवानी

अमर पारवानी ने कहा कि ‘व्यापारी कर संवाद’ की यह ऐतिहासिक उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। CAIT छत्तीसगढ़ ने इस पहल के माध्यम से यह सिद्ध किया है कि व्यापारी और विभाग एक-दूसरे के सामने नहीं, बल्कि प्रदेश की आर्थिक प्रगति के लिए एक-दूसरे के साथ खड़े साझेदार हैं।

उन्होंने कहा कि ‘एक प्रदेश-एक दिन-एक संवाद’ की अवधारणा अपने आप में अनूठी थी। प्रदेश के विभिन्न प्रमुख जिलों में एक ही दिन व्यापारियों और आयकर विभाग के अधिकारियों के बीच प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया गया। व्यापारियों को आयकर संबंधी प्रावधानों, प्रक्रियाओं एवं अनुपालन की जानकारी देने के साथ उनकी जिज्ञासाओं और व्यावहारिक समस्याओं को सीधे विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला।

इस पूरे अभियान की आधारशिला जानकारी, जागरूकता, मार्गदर्शन और समाधान के चार स्तंभों पर रखी गई थी। इसका उद्देश्य व्यापारियों के मन में कर व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की आशंका को दूर कर सरल जानकारी, सहज मार्गदर्शन और सकारात्मक संवाद का वातावरण तैयार करना था।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि व्यापारियों को नोटिस से घबराने की आवश्यकता नहीं है। आयकर विभाग व्यापारी का मित्र, सहयोगी और मार्गदर्शक बनकर उनकी सहायता कर सकता है। सही जानकारी और समय पर अनुपालन के माध्यम से व्यापारी आत्मविश्वास के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकता है।

“गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का यह सम्मान हमारे लिए गौरव का क्षण है, लेकिन इससे भी बड़ी उपलब्धि यह है कि इस पहल ने व्यापारी और आयकर विभाग के बीच विश्वास का एक मजबूत सेतु बनाया है। यह सम्मान रिकॉर्ड से कहीं अधिक संवाद की उस संस्कृति का सम्मान है, जिसकी आज व्यापार और विभाग दोनों को आवश्यकता है।”

CAIT ने इस ऐतिहासिक पहल की सफलता में महत्वपूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए मुख्य आयकर आयुक्त, रायपुर संजीव (IRS) एवं सभी जिलों के आयकर अधिकारियों का विशेष आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नई आर्थिक संभावनाओं की ओर बढ़ रहा छत्तीसगढ़

बिलासपुर जिला अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में इस उपलब्धि का सम्मान प्राप्त होना CAIT छत्तीसगढ़ एवं प्रदेश के व्यापारी समाज के लिए विशेष गौरव का विषय है।

हीरानंद जयसिंह और आशीष अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ व्यापार, निवेश, उद्योग, रोजगार और आर्थिक विकास की नई संभावनाओं की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में शासन और व्यापारी समाज के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग प्रदेश की विकास यात्रा को और अधिक गति प्रदान कर सकता है।

“यह विश्व रिकॉर्ड छत्तीसगढ़ के 12 लाख व्यापारियों को समर्पित” – अमर पारवानी

हीरानंद जयसिंह ने कहा कि गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान प्राप्त करना प्रदेश के व्यापारिक संगठनों और लाखों व्यापारियों की सामूहिक सहभागिता का परिणाम है।

“यह विश्व रिकॉर्ड छत्तीसगढ़ के 12 लाख व्यापारियों को समर्पित है। यह उनके विश्वास, सहभागिता और सामूहिक शक्ति का सम्मान है। CAIT छत्तीसगढ़ इस उपलब्धि को प्रदेश के प्रत्येक व्यापारी को समर्पित करते हुए आने वाले समय में व्यापारी हित और छत्तीसगढ़ की आर्थिक प्रगति के लिए और अधिक मजबूती से कार्य करेगा।”

CAIT छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेश के सभी व्यापारियों, व्यापारिक संगठनों एवं CAIT की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि CAIT छत्तीसगढ़ के उस संकल्प को और मजबूत करती है, जिसमें व्यापारी हित, विभाग के साथ सकारात्मक संवाद और छत्तीसगढ़ की आर्थिक प्रगति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात के दौरान CAIT एवं युवा CAIT के पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे – अमर पारवानी, परमानंद जैन, अवनीत सिंह, विजय पटेल, राम मंधान, भरत जैन, दीपक विधानी, कन्हैया गुप्ता, कांति पटेल एवं रतनदीप सिंह।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *