
बिलासपुर। शहर में गणेश उत्सव की धूम है और हर पंडाल में बप्पा के अलग-अलग स्वरूपों के दर्शन हो रहे हैं। इसी बीच मसानगंज स्थित अष्टमुखी गणेश उत्सव समिति का पंडाल इस बार पूरे शहर में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
समिति द्वारा इस वर्ष भगवान गणेश जी को भगवान विष्णु के स्वरूप में स्थापित किया गया है। गणपति बप्पा गरुड़ देव के ऊपर विराजमान हैं और अपने चार हाथों में शंख, चक्र, गदा और कमल धारण किए हुए हैं। माथे पर वैष्णव तिलक और नीले-पीतांबर में बप्पा का यह दिव्य रूप देखते ही बन रहा है।
पंडाल की सजावट भी बेहद खास है। पीछे बर्फीले पहाड़ों और आकाशीय बिजली की थीम से ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे गरुड़ देव आकाश में उड़ते हुए बप्पा को लेकर आ रहे हों। पंडाल के नीचे अष्टमुखी गणेश जी की छोटी प्रतिमा और कलशों की स्थापना भी की गई है, जहां रोजाना पूजा-अर्चना और महाआरती हो रही है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष हमारा प्रयास रहता है कि भक्तों को कुछ नया और धार्मिक संदेश देने वाला स्वरूप दिखाया जाए। विष्णु स्वरूप में गणेश जी का यह संदेश है कि विघ्नहर्ता ही जगत के पालनहार के रूप में भक्तों की रक्षा करते हैं।
इस अलौकिक स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से देर रात तक भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।