गुरुघासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय एवं ब्रह्माकुमारीज़ के बीच समझौता ज्ञापन

बिलासपुर, 29 नवम्बर 2024। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय राजयोग भवन बिलासपुर के द्वारा एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया। इस समझौते का उद्देश्य नैतिक शिक्षा, व्यसन मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को बढ़ावा देना है। यह समझौता दोनों संस्थाओं के बीच शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में सकारात्मक कार्यक्रमों को नई दिशा देगा।
गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति माननीय प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल जी के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अभय एस. रणदिवे जी और ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय राजयोग भवन बिलासपुर की मुख्य प्रभारी बीके स्वाति दीदी द्वारा हस्ताक्षर किया गया। इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य मूल्यनिष्ठ और नैतिक शिक्षा को बढ़ावा देना है। सामाजिक जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित करना और व्यसन मुक्ति व पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता फैलाना है।
कुलसचिव प्रो. अभय एस. रणदिवे जी ने कहा कि युवा अपनी चेतना को समुचित रूप से जागृत कर ले तो राष्ट्र उत्थान में कोई देरी नहीं लगेगी। चरित्र रूपी संपत्ति से धनवान युवा ही देश को नई राह पर ले जाने में सक्षम है। भारत देश देव व महापुरुषों की भूमि रहा है। जिसने विश्व के आगे त्याग, चरित्र, अनुशासन की मिसाल कायम की है। ऐसे युवाओं को जागरुक होकर समाज उत्थान के लिए आगे आने की आवश्यकता है। ब्रह्माकुमारीज द्वारा की जा रही सेवाओं की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की, कि ब्रह्माकुमारीज के पाठ्यक्रम और शिक्षण से विद्यार्थियों को भारत के महान दर्शन और मूल्य प्रणाली को समझने में मदद मिलेगी।
सेवाकेंद्र संचालिका बीके स्वाति दीदी ने कहा कि युवाओं में असीम संभावनाएं होती है। आवश्यकता है उनके मन की शक्ति को सही दिशा देने की। जब हम अपने लक्ष्य की ओर पहला कदम बढ़ाते हैं तो हमारा मन पूरी क्षमता के साथ उसे पूरा करने में लग जाता है। वर्तमान समय युवा का मन अनेक बाहरी बातों में भटक कर अपनी शक्ति को कम कर रहा है। हमारा मुख्य उद्देश्य है युवा पीढ़ी जो देश का भविष्य है उनको सही दिशा देकर सशक्त बनाया जाए।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी जैव प्रौद्योगिकी विभाग की प्रोफेसर रेणु भट्ट जी एवं विश्वविद्यालय के अधिकारी तथा वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके संतोषी दीदी, लायंस क्लब एंबेसडर कमल छाबड़ा जी, हेमंत अग्रवाल जी, अंजू दुआ, ब्रह्माकुमारीज के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *