मुंगेली- जिले में लगातार हो रही वाहन चोरियों पर सख्त प्रहार करते हुए मुंगेली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन बाज के तहत चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया गया है.. पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से 01 ट्रैक्टर और 07 चोरी की मोटरसाइकिलें** बरामद करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं 01 विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है..
थाना लोरमी क्षेत्र में ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सायबर सेल, लोरमी, सिटी कोतवाली मुंगेली एवं फास्टरपुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की। तकनीकी विश्लेषण एवं मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम हरदीडीह निवासी दिलेश सप्रे को हिरासत में लिया गया पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों पवन जगत, मनीष साहू, देवप्रसाद बर्मन एवं एक अपचारी बालक के साथ मिलकर ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया.. आरोपियों ने बताया कि वे पहले दोपहिया वाहन चोरी करते थे, बाद में अधिक मुनाफे के लालच में ट्रैक्टर चोरी की योजना बनाई.. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने लोरमी, सिटी कोतवाली मुंगेली, फास्टरपुर (सेतगंगा) क्षेत्रों से ट्रैक्टर व मोटरसाइकिलें चोरी की थीं.. चोरी गए वाहनों की पहचान छत्तीसगढ़ पुलिस के “सशक्त एप” के माध्यम से की गई, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस को बड़ी मदद मिली..
आरोपियों के विरुद्ध थाना लोरमी, सिटी कोतवाली मुंगेली एवं फास्टरपुर में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी थाना/चौकी को दें तथा घर व दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं..