“पिता जनसंघी, पार्टी बनी गुरुकुल”: भूपेंद्र सवन्नी ने सुनाई शून्य से शिखर तक की कहानीबिलासपुर प्रेस क्लब के ‘पहुना’ में क्रेडा अध्यक्ष ने खोली राजनीतिक सफर की डायरी

बिलासपुर। संवाददाता
क्रेडा अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सवन्नी ने रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब के पारंपरिक कार्यक्रम ‘पहुना’ में अपने जीवन के पन्ने खोलते हुए कहा – मेरे पिता जनसंघ से जुड़े थे, वही मेरी प्रेरणा बने। और पार्टी के कार्यकर्ता ही मेरे राजनीतिक गुरु रहे।

विद्यार्थी जीवन से संगठन में सक्रिय होकर प्रदेश महामंत्री तक पहुंचे सवन्नी ने अपने संघर्ष, उतार-चढ़ाव और उपलब्धियों को बेबाकी से साझा किया।

जनसंघ की विरासत से शुरू हुई राजनीति
सवन्नी ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय इन्द्रसेन सवन्नी बिल्हा क्षेत्र में जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में थे। उसी माहौल में पलकर राजनीति उनके खून में उतर गई।

वर्ष 1987 में पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पार्टी ज्वाइन की। बिल्हा में पहली बार जनसंघ के सरपंच की विजय रैली देखकर वे अभिभूत हुए और एक छोटे कार्यकर्ता के रूप में मैदान में उतर गए। विद्यार्थी काल में चुनावों में एजेंट की जिम्मेदारी भी निभाई।

वार्ड से प्रदेश तक, 30 लाख सदस्यता का टारगेट भी संभाला
संगठन ने उनकी मेहनत को पहचाना और सफर शुरू हुआ – वार्ड अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, बिल्हा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष 1993
बिल्हा विधानसभा में धरमलाल कौशिक का चुनाव संचालन किया। बाद में जिला महामंत्री, जिलाध्यक्ष होते हुए 2010, 2013 और 2020 में तीन बार प्रदेश महामंत्री का दायित्व मिला।

भाजपा के ऑनलाइन सदस्यता अभियान में उन्हें छत्तीसगढ़ प्रभारी बनाकर 30 लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया गया। इसके बाद पार्टी प्रवक्ता और हाउसिंग बोर्ड चेयरमैन की जिम्मेदारी भी निभाई। चेयरमैन रहते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में नया रायपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना का शुभारंभ कराया।

कांग्रेस का गढ़ बना भाजपा का गढ़
सवन्नी ने कहा कि एक समय बिल्हा कांग्रेस का गढ़ था, आज भाजपा का गढ़ है। वर्तमान में क्रेडा अध्यक्ष के रूप में वे प्रदेश में योजनाओं को जनभावना से जोड़कर आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा – राजनीति में महत्वाकांक्षा सबकी होती है, पर दिशा पार्टी और संगठन तय करता है।

प्रेस क्लब ने किया भव्य स्वागत
अध्यक्ष अजित मिश्रा, उपाध्यक्ष विजयक्रांति तिवारी, सचिव संदीप करिहार, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह सहित पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ और साल-शॉल भेंट कर सम्मान किया। पूर्व अध्यक्ष तिलकराज सलूजा, वरिष्ठ पत्रकार गणेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *