160 यूनिट रक्तदान से गूंजा पुलिस कल्याण पेट्रोल पंपदो दिवसीय शिविर में उमड़े नागरिक, कलेक्टर-एसपी-नगर निगम आयुक्त हुए शामिल

बिलासपुर, 16 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप में बिलासपुर पुलिस एवं यूथ फॉर नेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में बिलासपुर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई और 160 यूनिट से अधिक रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल प्रस्तुत की।

शिविर के समापन अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनीश सिंह एवं नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे पहुंचे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की और रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के लिए सभी को प्रेरित किया।

शिविर के पहले दिन सीएसपी मंजुलता केरकेट्टा सहित पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। एसएसपी रजनीश सिंह एवं यातायात सीएसपी रामगोपाल करियारे का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

इस आयोजन में यूथ फॉर नेशन फाउंडेशन से प्रतिज्ञा सिंह, इंद्राज सिंह, सांभवी सिंह सहित पूरी टीम, सुकून फाउंडेशन से अली इमरान, शेख सुल्तान, शेख अब्दुल मन्नान, अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा संघ से श्वेता गोयल एवं अन्य सामाजिक संगठनों का सराहनीय सहयोग मिला।

शिविर को सफल बनाने में साई ब्लड बैंक के डायरेक्टर सुदर्शन सिंह राजपूत एवं उनकी पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। चिकित्सा एवं रक्त संग्रहण की व्यवस्था टीम द्वारा पूरी जिम्मेदारी से संचालित की गई।

आयोजकों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने का अवसर भी है। दो दिनों में 160 यूनिट से अधिक रक्तदान बिलासपुर की जनता की सेवा भावना और मानवता के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, बिलासपुर पुलिस, यूथ फॉर नेशन फाउंडेशन, साई ब्लड बैंक और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *