केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने बिल्हा के सरगांव में ‘जन जन सेवा संकल्प यात्रा’ का किया स्वागत; ग्राम सोढार में ‘आंगन मिलन उत्सव’ में हुए सम्मिलित

आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने सरगांव, बिल्हा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वाराणसी से वडनगर तक निकली ‘जन जन सेवा संकल्प यात्रा’ का आत्मीय स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि सेवा का भाव तभी व्यापक रूप से सार्थक होता है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से वह जनआंदोलन का रूप ले। उन्होंने कहा कि सेवा, संवेदना और जनभागीदारी के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सकारात्मक बदलाव पहुंचाने के प्रयासों को गति दी जा सकती है।

ग्राम सोढार में ‘आंगन मिलन उत्सव’ में हुए सम्मिलित

इसके पूर्व श्री तोखन साहू ने जिला मुंगेली के ग्राम सोढार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘आंगन मिलन उत्सव’ में सहभागिता की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिन बहनों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की हितग्राही माताओं-बहनों का सम्मान किया।

श्री साहू ने बच्चों के साथ न्यौता भोज में सहभागिता की तथा उन्हें खिलौने वितरित किए। उन्होंने ‘एक आंगनबाड़ी–एक मुनगा पेड़’ पहल के तहत पौधरोपण भी किया।

इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सेवा और समर्पण बच्चों के पोषण, देखभाल एवं प्रारंभिक विकास के साथ समाज के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने जनभागीदारी के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को और सशक्त बनाने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *