बिलासपुर संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ, रहंगी और छतौना में केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू हुए शामिल

केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने सोमवार को बिल्हा विधानसभा के रहंगी गांव में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सुर्यवंशी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। शुभारंभ अवसर पर आयोजित रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता में नेताओं ने खिलाड़ियों के साथ सहभागिता कर उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया।

महोत्सव में गांव के विद्यार्थियों, युवाओं और महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली। विभिन्न पारंपरिक और प्रतिस्पर्धी खेलों में सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

शुभारंभ कार्यक्रम के बाद केन्द्रीय मंत्री श्री साहू तखतपुर विधानसभा के छतौना गांव पहुंचे, जहां सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित खेल स्पर्धाओं के दूसरे चरण में उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह की उपस्थिति रही।

अपने संबोधन में श्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति ने एक नई ऊंचाई हासिल की है। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो इंडिया कार्यक्रम और खिलाड़ियों के लिए सुदृढ़ तैयारियों ने खेलों को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

श्री साहू ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और महिलाओं को खेल के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और टीम भावना की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि गांवों के मैदानों में दिखाई दे रहा उत्साह प्रधानमंत्री मोदी के खेल–प्रोत्साहन प्रयासों का प्रत्यक्ष परिणाम है।

कार्यक्रम के अंत में केन्द्रीय मंत्री ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और खेलों में निरंतर भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *