डबल गोल्ड से चमकी बिलासपुर की वसुधा, शूटिंग में रचा इतिहास

जूनियर और सीनियर दोनों वर्ग में 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में हासिल की बड़ी जीत

बिलासपुर की 17 वर्षीय वसुधा ने ऑल इंडिया ओपन शूटिंग प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में डबल गोल्ड जीतकर शहर का नाम रोशन किया। प्रेसवार्ता में कोच शशांक मसीह ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि शूटिंग में भारत को सबसे ज्यादा ओलंपिक पदक मिलने के बावजूद प्रदेश में इस खेल को पर्याप्त प्रोत्साहन नहीं मिल रहा।

बिलासपुर के ईदगाह चौक स्थित ट्रस्ट भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में शहर की 17 वर्षीय प्रतिभाशाली निशानेबाज कुमारी वसुधा ने अपनी ऐतिहासिक उपलब्धि साझा की। वसुधा ने ऑल इंडिया ओपन शूटिंग प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों की 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
प्रेसवार्ता के दौरान शूटिंग स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ बिलासपुर के कोच शशांक मसीह ने बताया कि यह पहली बार है जब छत्तीसगढ़ को इस स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में न केवल पदक मिला है, बल्कि किसी खिलाड़ी ने एक साथ दो स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। उन्होंने इसे प्रदेश के शूटिंग खेल के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।
कोच मसीह ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शूटिंग वह खेल है, जिसमें भारत ने ओलंपिक में सबसे अधिक पदक अर्जित किए हैं, इसके बावजूद देश और प्रदेश में इस खेल को अपेक्षित महत्व और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
उन्होंने बताया कि एसोसिएशन वसुधा जैसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है और अन्य इच्छुक खिलाड़ियों को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है। साथ ही, एसोसिएशन के तीन खिलाड़ियों का चयन आगामी प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है, जो दिसंबर में दिल्ली और भोपाल में आयोजित होंगी।
अंत में, उन्होंने शासन-प्रशासन से अपील की कि शूटिंग खेल को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि और भी प्रतिभाएं उभर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *