30 मई को हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष और उदन्त मार्तण्ड के संपादक पं. जुगल किशोर शुक्ल की परंपरा पर संगोष्ठी

रायपुर। कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल, आशीर्वाद भवन, रायपुर के द्वारा आगामी 30 मई को एक गरिमामय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। इस संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘हिंदी पत्रकारिता के दो सौ साल और कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के गौरव पं. जुगल किशोर शुक्ल की परंपरा‘ रखा गया है। कार्यक्रम आशीर्वाद भवन, रायपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में शाम 6:00 बजे से आयोजित होगा। समाज के अध्यक्ष श्री सुरेश मिश्रा एवं सचिव श्री राज कुमार दीक्षित ने बताया कि इस अवसर पर मुख्य वक्ता खंडवा के सुप्रसिद्ध राष्ट्रीय ललित निबंधकार डॉ. श्रीराम परिहार होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदी साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा करेंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुशील त्रिवेदी मंच साझा करेंगे। हिंदी पत्रकारिता के ऐतिहासिक सफर को रेखांकित करने वाले इस आयोजन में प्रतिष्ठित पत्रिका ‘छत्तीसगढ़ मित्र’ के मई-2026 अंक का भव्य विमोचन भी गणमान्य अतिथियों द्वारा किया जाएगा। कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल और कान्यकुब्ज साहित्य परिषद के पदाधिकारियों ने शहर के सभी लेखकों, कवियों, पत्रकारों और प्रबुद्ध नागरिकों से इस गोष्ठी में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के जनक पं. जुगल किशोर शुक्ल के योगदान और 200 वर्षों की इस गौरवशाली यात्रा पर होने वाला यह संवाद साहित्य प्रेमियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *