बिलासपुर प्रेस क्लब में फूटा कर्मचारियों का आक्रोश, डायोसिस बोर्ड के पदाधिकारियों पर अवैध निलंबन और कब्जे का आरोप

बिलासपुर। रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में बर्जेस इंग्लिश स्कूल, सालेम स्कूल रायपुर, रेम्बो मेमोरियल स्कूल मुंगेली सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रभावित प्राचार्यों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड ऑफ एजुकेशन के कथित अधिकारविहीन पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों और प्राचार्यों को बदले की भावना से अवैधानिक तरीके से निलंबित एवं बर्खास्त किया जा रहा है।

प्रभावित कर्मचारियों का आरोप है कि छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड ऑफ एजुकेशन समिति के चुनाव में अनियमितताएं हुई हैं और वर्तमान पदाधिकारी वैधानिक रूप से अधिकृत नहीं हैं। पत्रकार वार्ता में बताया गया कि सूचना के अधिकार के तहत सहायक पंजीयक, फर्म एवं संस्थान रायपुर से प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार समिति के पदाधिकारियों की धारा-27 के अंतर्गत प्रमाणित प्रतिलिपि अब तक जारी नहीं हुई है। ऐसे में समिति के नाम पर जारी किए गए निलंबन और बर्खास्तगी आदेश कानूनी रूप से शून्य हैं।

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बर्जेस इंग्लिश स्कूल बिलासपुर के प्राचार्य कक्ष में ताला लगाकर जबरन कब्जा किया गया तथा प्राचार्य निशिता हंसा दास को नियमों के विपरीत निलंबित कर दिया गया। उनका कहना है कि यदि समिति पूरी तरह वैध है तो ऐसे कदम उठाने की आवश्यकता क्यों पड़ी। पत्रवार्ता में यह भी दावा किया गया कि समिति के कुछ कथित पदाधिकारियों के विरुद्ध पहले से धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े से संबंधित आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। साथ ही स्कूलों की करोड़ों रुपये की राशि के कथित गबन की शिकायत भी संबंधित थानों में की गई है, जिसकी जांच जारी है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि जांच को प्रभावित करने और संस्थानों के वित्तीय संचालन पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए स्कूल परिसरों पर जबरन कब्जे की कोशिश की जा रही है।

प्रभावित पक्ष ने मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री, शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पत्रकार वार्ता में अतुल आर्थर, शीश वाघे, निलिमा रॉबिन्स, सुमन दास, हेरी न्यूटन, शनेश बेंजामिन, अनुराग प्रकाश, अभिषेक दास, मेनिका जॉर्ज सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *