
संजीवनी हॉस्पिटल के सामने रविवार सुबह हादसा, कार सवारों के नाबालिग होने की चर्चा | सिंधु जनजागरण समिति ने प्रशासन को घेरा
बिलासपुर। वेयरहाउस रोड पर स्थित संजीवनी हॉस्पिटल के सामने रविवार सुबह करीब 7:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को सिम्स अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में चार युवक सवार थे। स्थानीय लोगों में उनके नाबालिग होने की चर्चा है, हालाँकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हादसे के बाद कार मौके पर ही खड़ी मिली। पुलिस ने जाँच शुरू कर दी है और चालक की उम्र समेत सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घायल का उपनाम शर्मा है और उनका संबंध महर्षि स्कूल से बताया जा रहा है। उनकी पहचान और स्वास्थ्य को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
हादसों का हॉटस्पॉट बना इलाका
सिंधु जनजागरण समिति के सचिव मनीष गुरुवाणी ने बताया कि इस जगह पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। समिति पहले भी प्रशासन और ट्रैफिक विभाग को ज्ञापन देकर डिवाइडर, स्पीड ब्रेकर और सुरक्षा उपायों की मांग कर चुकी है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि सिंधी कॉलोनी की ओर से कन्हैयालाल पारवानी के घर के पास से कवर राम गेट की तरफ मुड़ने वाले वाहन अक्सर तेज गति से आने वाले वाहनों की चपेट में आ जाते हैं।
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
समिति के अध्यक्ष हरिकिशन गंगवानी ने प्रशासन, नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस से मांग की है कि यहाँ तुरंत डिवाइडर, स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और स्थायी ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था की जाए।
समिति के अनिल मतलानी, तरुण श्यामदासानी, महेंद्र हिंदुजा, मुरली पेसवानी, अनिल बजाज, बाबू समेत अन्य सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो बड़े हादसे हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जाँच कर रही है