डिटैच रहें, स्वीकार करें और शुभ भावनाएं देना सुखी जीवन का मंत्र – ब्रह्माकुमारी संतोषी दीदी

12 नवम्बर 2026 बिलासपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय बिलासपुर की मुख्य शाखा टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित राजयोग भवन के तत्वावधान में आज स्थानीय केंद्रीय जेल में भाई दूज का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, आत्मीयता और उल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर राजयोग वरिष्ठ शिक्षिका ब्रह्माकुमारी संतोषी दीदी ने जेल में बंदी भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उन्हें जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कैदी भाइयों के भीतर आत्म-सम्मान जगाना, उनका मनोबल बढ़ाना और उन्हें एक नई तथा बेहतर शुरुआत के लिए मानसिक संबल देना था।
इस अवसर पर बंदी भाइयों को संबोधित करते हुए संतोषी दीदी ने भाई दूज के गहरे और व्यावहारिक अर्थ को समझाया। उन्होंने कहा कि भाई दूज केवल एक पारंपरिक त्योहार नहीं है, बल्कि यह हमें एक-दूसरे को देखने का नजरिया बदलने की प्रेरणा देता है। माथे पर लगाया जाने वाला तिलक हमें अपनी वास्तविक अच्छाई को जगाने का संदेश देता है कि हम सभी मूल रूप से अच्छे और पवित्र परमात्मा की संतान हैं।
दीदी ने आगे समझाया कि बाहरी दुनिया में हम अक्सर एक-दूसरे को अलग-अलग पहचानों से देखते हैं—जैसे कोई अमीर है या गरीब, बड़ा है या छोटा, या फिर समाज की नजर में कोई अपराधी है या सामान्य नागरिक। जब हम केवल अपने बाहरी रूप, पद या परिस्थितियों को ही सब कुछ मान लेते हैं, तो मन में अहंकार, दुख, ईर्ष्या और हीनभावना जन्म लेती है। लेकिन जब हम स्वयं को और दूसरों को एक इंसान के रूप में समान भाव से देखना शुरू करते हैं, तो यह गहरा एहसास होता है कि एक ही ईश्वर की संतान होने के नाते हम सभी बराबर हैं। परिस्थितियों के अनुसार व्यवहार अलग हो सकता है, लेकिन हर व्यक्ति के प्रति आदर और सम्मान एक जैसा होना चाहिए।
दीदी ने कहा कि जीवन में कई बार पुरानी आदतों, गलत संगत या कठिन परिस्थितियों के दबाव में आकर इंसान से गलतियां हो जाती हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह व्यक्ति हमेशा के लिए बुरा बन गया है। अपनी आंतरिक शक्ति को पहचानने से हम समझ पाते हैं कि जीवन एक लंबी यात्रा है। यदि किसी ने हमारे साथ गलत व्यवहार किया है या आज हम किसी कठिन दौर से गुजर रहे हैं, तो दूसरों को दोष देने या यह सोचने के बजाय कि “मेरे साथ ही ऐसा क्यों हुआ?”, हमें इसे अपने पुराने कर्मों का परिणाम मानकर स्वीकार करना चाहिए। वर्तमान समय में किए गए अच्छे विचार और नेक काम हमारे रिश्तों को सुधार सकते हैं और हमारे आने वाले भविष्य को पूरी तरह बदल सकते हैं।
दीदी ने सभी भाइयों को अपने जीवन में व्यावहारिक रूप से तीन विशेष बातों का अभ्यास करने को कहा ” डिटैच रहें – स्वीकार करें – शुभ भावनाएं दें।” उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का व्यवहार बुरा है, तो हमें उसके गलत व्यवहार से खुद को मानसिक रूप से दूर रखना है, उस इंसान को ईश्वर की संतान मानकर स्वीकार करना है, और मन ही मन उसके सुधरने के लिए शुभकामनाएं देनी हैं।
कार्यक्रम के अंत में संतोषी दीदी ने कहा कि आपसी सम्मान और अपनापन ही भारतीय संस्कृति के महान आदर्श ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ यानी पूरा विश्व एक परिवार है, की भावना को सच करने का असली रास्ता है। उन्होंने सभी कैदी भाइयों से आग्रह किया कि इस भाई दूज पर वे केवल माथे पर तिलक ही न लगवाएं, बल्कि अपने अंदर की बुराइयों और नकारात्मक आदतों को छोड़ने का संकल्प लें तथा हर व्यक्ति के प्रति समानता, सम्मान और सद्भावना का भाव रखें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *