
प्रभु दर्शन भवन में गुरुवार विशेष क्लास एवं भाई दूज उत्सव का आयोजन; हर आत्मा को पवित्र स्वरूप में देखने का दिया संदेश

टिकरापारा, बिलासपुर। प्रभु दर्शन भवन, टिकरापारा में गुरुवार विशेष क्लास एवं भाई दूज उत्सव आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने कहा कि भाई दूज पर माथे पर लगाया जाने वाला तिलक केवल रीति-रस्म नहीं, बल्कि आत्मिक पवित्रता और सम्मान की भावना का प्रतीक है। यह हमें स्मरण कराता है कि मैं पवित्र आत्मा हूं और मेरे सामने वाला भी पवित्र आत्मा है।
देह नहीं, आत्मा को देखें
मंजू दीदी ने कहा कि पद, प्रतिष्ठा और रिश्तों के आधार पर किसी को देखने से अहंकार, तुलना और ईर्ष्या जैसे विकार जन्म लेते हैं। इसके बजाय आत्मिक दृष्टि अपनाकर प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान देने की आवश्यकता है। उन्होंने भाई दूज पर तीन संकल्प अपनाने की प्रेरणा दी—निर्लिप्त भाव रखें, हर परिस्थिति और व्यक्ति को स्वीकार करें तथा सभी के प्रति शुभभावना बनाए रखें। इसी आत्मिक दृष्टि से ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना साकार हो सकती है।
उपवास से बढ़कर मन की पवित्रता का व्रत
दीदी ने कहा कि शारीरिक उपवास के साथ मन को भी श्रेष्ठ संकल्पों में लगाना जरूरी है। ‘मनमनाभव’ अर्थात निरंतर परमात्मा की याद ही सच्चा व्रत है। दिन की शुरुआत इस संकल्प से करें कि सभी से मीठा, नम्र और प्रेमपूर्ण व्यवहार करेंगे। परिस्थितियां कैसी भी हों, चिड़चिड़ापन और क्रोध से दूर रहकर रूहानी मिठास बनाए रखें।

कार्यक्रम के अंत में परमात्मा को सामूहिक भोग स्वीकार कराया गया। इसके पश्चात दीदी ने सभी को भाई दूज का तिलक लगाया तथा बहनों ने सभी को ईश्वरीय भोग वितरित किया। भाई दूज की शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन आत्मिक प्रेम, पवित्रता और सद्भाव के संकल्प के साथ हुआ।