दूरी हमारी सेवा को रोक नहीं सकती, हमारी iशुभकामनाएं नेपाल तक अवश्य पहुंचेंगी : बीके स्वाति दीदी

नेपाल में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के लिए ब्रह्माकुमारीज ने किया विशेष योग

संगठित रूप से शांति और शक्ति का दान देकर नेपालवासियों के शीघ्र राहत एवं पुनर्वास की कामना

03 सितम्बर 2026, बिलासपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, बिलासपुर की मुख्य शाखा, टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित राजयोग भवन में नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के लिए विशेष योग का आयोजन किया जा रहा है। आपदा के समाचार प्राप्त होने के बाद दूसरे दिन से ही राजयोग भवन के ब्रह्माकुमार भाई-बहनों द्वारा प्रतिदिन विशेष रूप से नेपाल देश के लिए शांति और शक्ति का दान देने का योग किया जा रहा है।

सेवाकेंद्र संचालिका बीके स्वाति दीदी ने कहा कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा ने वहां के जनजीवन को प्रभावित किया है। ऐसे कठिन समय में सरकार, प्रशासन, समाजसेवी संस्थाएं, स्वयंसेवक तथा अनेक लोग अपने-अपने स्तर पर राहत एवं सहायता कार्यों में सहयोग कर रहे हैं। यह मानवीय संवेदना और सहयोग की भावना वास्तव में सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि हम भले ही प्रत्यक्ष रूप से वहां पहुंचकर राहत कार्यों में सहयोग नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन हमारी शुभकामनाएं, श्रेष्ठ संकल्प और परमात्म स्मृति की शक्ति वहां तक अवश्य पहुंच रही हैं और पहुंचती रहेंगी। जिस प्रकार एक व्यक्ति किसी दूसरे के लिए सच्चे दिल से शुभ भावना रखता है, उसी प्रकार सामूहिक रूप से अनेक आत्माओं द्वारा परमात्मा को याद करते हुए किए गए श्रेष्ठ संकल्प निश्चित रूप से वातावरण में सकारात्मकता का संचार करते हैं।

राजयोग भवन में सभी ब्रह्माकुमार भाई-बहन संगठित रूप से एकाग्र होकर परमात्म स्मृति में स्थित होकर विशेष योग करते हैं। योग के दौरान नेपाल देश को विशेष रूप से सामने रखते हुए वहां के प्रभावित क्षेत्रों, परिवारों और राहत एवं बचाव कार्यों में लगे सभी लोगों के लिए शांति, शक्ति, धैर्य और सुरक्षा के संकल्प किए जाते हैं।

बीके स्वाति दीदी ने कहा कि मनुष्य के श्रेष्ठ और शक्तिशाली संकल्प वातावरण को सकारात्मक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जब अनेक आत्माएं एक ही श्रेष्ठ संकल्प के साथ परमात्मा को याद करती हैं, तो सामूहिक रूप से सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण निर्मित होता है। इसी भावना से राजयोग भवन के भाई-बहन नेपाल के लिए शांति, शक्ति, साहस और स्थिरता के वाइब्रेशन्स प्रदान कर रहे हैं। वहां के लोगों को इस कठिन परिस्थिति में आंतरिक शक्ति मिले, प्रभावित परिवारों को धैर्य प्राप्त हो तथा राहत और बचाव कार्यों में लगे सभी व्यक्तियों को शक्ति एवं सफलता प्राप्त हो।

बीके स्वाति दीदी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय केवल प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपनी ओर से हर संभव सकारात्मक सहयोग देना भी आवश्यक है। प्रत्यक्ष सेवा के साथ-साथ आध्यात्मिक सेवा भी मानवता के प्रति सहयोग का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। आज आवश्यकता इस बात की है कि हम अपने मन में भय, चिंता और नकारात्मकता को बढ़ाने के बजाय प्रभावित लोगों के लिए शांति, शक्ति और शीघ्र सामान्य स्थिति के श्रेष्ठ संकल्प करें। जहां सरकार और समाज के लोग अपनी-अपनी भूमिका निभा रहे हैं, वहीं राजयोग भवन के भाई-बहन भी परमात्मा से शक्ति लेकर अपनी आध्यात्मिक जिम्मेदारी निभा रहे हैं। सामूहिक योग के दौरान सभी का एक ही संकल्प रहता है कि नेपाल देश में शांति स्थापित हो, प्रभावित लोगों को आंतरिक शक्ति मिले, संकट की परिस्थितियां शीघ्र सामान्य हों तथा राहत एवं पुनर्वास के कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ें।

बीके स्वाति दीदी ने कहा कि दूरी हमारी सेवा को रोक नहीं सकती। हम वहां भले ही पहुंच न पाएं, लेकिन परमात्मा से जुड़कर की गई हमारी शुभकामनाएं और श्रेष्ठ संकल्प वहां तक अवश्य पहुंचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *