
बिलासपुर/ अखिल भारतीय विकलांग चेतना परिषद की एक आवश्यक बैठक राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ.विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता एवं पवन नालोटिया के संयोजन तथा राष्ट्रीय महामंत्री मदनमोहन अग्रवाल एवं भारती सालुके अध्यक्ष रोटरी क्लब क्वींस के विशेष आतिथ्य में संपन्न हुई।
शिविर के संयोजक पवन नालोटिया ने घोषित किया कि आगामी 03 से 07 दिसंबर 2026 तक पांच दिवसीय कृत्रिम पैर प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन- गीतादेवी - रामचंद्र अग्रवाल विकलांग अस्पताल अनुसंधान एवं निशुल्क सेवा केंद्र, सीपत रोड, कोनी - बाईपास "मोपका" बिलासपुर के सभागार में आयोजित किया जाएगा।
इस शिविर में प्रथम दिवस तीन दिसंबर को प्रातः 10:00 बजे से "केवल एक दिन" हितग्राहियों के कटे हुए पैरों का नाप लिया जाएगा।चार एवं पांच दिसंबर को नाप लिए गए कृत्रिम पैरों का शिविर स्थल पर ही निर्माण किया जाएगा।छह एवं सात दिसंबर को हितग्राहियों को नवनिर्मित कृत्रिम पैरों का प्रत्यारोपण किया जाएगा।
राजेंद्र अग्रवाल "राजू " राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ने बताया कि- इस शिविर में अपना मार्गदर्शन, एवं अपनी सेवाएं देने के लिए रोटेरियन शरद सेठ जामनगर (गुजरात) से विशेष रूप से पधार रहे हैं। श्रीमती कविता नालोटिया एवं रोटेरियन अमित चक्रवर्ती ने बताया कि पी. आर. वाघर, "आर्टिफिशियल लिंब सेंटर" भावनगर (गुजरात) द्वारा निर्मित यह कृत्रिम पैर अत्याधुनिक तकनीक एवं उच्च गुणवत्ता का होता है।इसे पहनकर व्यक्ति साइकिल चला सकता है, सीढ़ियां चढ़ सकता है,पालथी लगाकर बैठ सकता है, दौड़ सकता है, घुटने मोड़के बैठ सकता है एवं अनेक उपयोगी कार्य अपने पैरों से कर सकता है।वजन में हल्के एवं टिकाऊ इन पैरों को आसानी से पहना एवं उतारा जा सकता है. इस शिविर के प्रमुख सहयोगी रोटरी क्लब एवं रोटरी क्लब क्वींस बिलासपुर है।
इस अवसर पर श्रीमती गायत्री अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।आभार प्रदर्शन डी. पी. गुप्ता संगठन मंत्री अ. भा. विकलांग चेतना परिषद ने किया और शिविर के सफल होने की कामना की।