
शांति सरोवर रायपुर में आयोजित भव्य समारोह में बिलासपुर की ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी, बीके गायत्री एवं बीके पूर्णिमा बहन हुईं शामिल

बिलासपुर। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शांति सरोवर परिसर में 45 उच्च शिक्षित कन्याओं का भव्य ईश्वरीय समर्पण समारोह आयोजित किया गया। इस गरिमामय अवसर पर छग राज्य मीडिया समन्वयक वरिष्ठ ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी, बीके गायत्री एवं बीके पूर्णिमा बहन भी शामिल हुईं। मंजू दीदी ने विश्व कल्याण एवं परमात्मा की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाली सभी कन्याओं को दिल की गहराइयों से शुभकामनाएँ देते हुए उनके श्रेष्ठ संकल्प की सराहना की।
संस्था की अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी जयंती दीदी ने समर्पित होने वाली कन्याओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि उनकी नम्रता, पवित्रता और समरसता की शक्ति से विश्व में सुख-शांति की पुनर्स्थापना होगी। उन्होंने कहा कि 45 बहनों का एक साथ अपना जीवन परमात्मा के कार्य में समर्पित करने का संकल्प अत्यंत खुशी और प्रेरणा का विषय है।
समारोह में कन्याओं के माता-पिता ने गर्व एवं प्रसन्नता के साथ अपनी बेटियों को ईश्वरीय सेवा के लिए समर्पित किया। महापौर मीनल चौबे, कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दयाल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने भी कन्याओं एवं उनके अभिभावकों के इस निर्णय की सराहना की।

संस्थान के 90 वर्षों की आध्यात्मिक यात्रा के इस विशेष अवसर पर 45 कन्याओं का समर्पण त्याग, तपस्या, पवित्रता और विश्व परिवर्तन के संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण बना।