
रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 10 मार्च को प्रदेश की राजधानी रायपुर के साथ सभी जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय, नगरीय निकाय क्षेत्रों में महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी राज्य मुख्यालय, जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय एवं नगरीय निकायों में आयोजित कार्यक्रमों से सीधे वर्चुअल जुड़कर लोगों को संबोधित करेंगे और हितग्राहियों से बात करेंगे। इस अवसर पर महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में डी.बी.टी. के माध्यम से पहली किश्त का अंतरण किया जाएगा। इससे प्रत्येक माह महिलाओं के खाते में 1000 रूपये आएंगे। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में दोपहर 1 बजे आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय महिला स्व-सहायता समूहों और विभागीय गतिविधियों पर आधारित स्टॉल का अवलोकन करेंगे। सम्मेलन में मुख्यमंत्री श्री साय छत्तीसगढ़ को बाल विवाह मुक्त करने के अभियान का शुभारंभ भी करेंगे। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।

आयोजन की तैयारी में जुटा प्रशासन
नई तारीख के ऐलान के साथ ही अब प्रधानमंत्री की सभा को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी वर्चुअली महिलाओं को यह राशि जारी करेंगे। राजधानी समेत जिला और ब्लॉक मुख्यालय, नगरीय निकाय क्षेत्रों में महिला सम्मेलन का आयोजन महतारी वंदन सम्मेलन के रूप में किया जाएगा। इस दौरान पीएम हितग्राहियों से वर्चुअली बात भी करेंगे।
रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित होगा कार्यक्रम
यह कार्यक्रम रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में सीएम विष्णुदेव साय शामिल होंगे। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की सभी पात्र विवाहित महिला हितग्राहियों के खाते में DBT के जरिए राशि ट्रांसफर करेंगे।