
*मुंगेली की चित्रेखा यादव बनी पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर
छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय द्वारा सब इंस्पेक्टर, सूबेदार, प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा का परिणाम सोमवार को घोषित किया गया जिसमें विभिन्न पदों पर 959 अभ्यर्थियों का चयन पुलिस विभाग में हुआ है। इसी भर्ती परीक्षा के परिणाम में ग्राम जमकुही (बछेरा) तहसील व जिला मुंगेली के संघर्षशील, मेहनतकश बेटी *चित्रेखा यादव* का चयन सब इंस्पेक्टर के पद पर हुआ है। परिवार की विषम परिस्थिति एवं विपन्नता के बावजूद मां जीराबाई यादव की प्रेरणा एवं अटूट प्रयासों से चित्रेखा ने मेहनत एवं संघर्ष से इस मुकाम को हासिल किया है।
शासकीय सेवा में अपना कैरियर निर्माण करने चित्रेखा ने पुलिस विभाग सब इंस्पेक्टर को अपने सपनों का मुकाम बनाया जो 6 वर्ष के लम्बे इंतज़ार के बाद परिणाम घोषित होने से मुकम्मल हुआ। इससे पहले इनका चयन कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी जीडी) में आईटीबीपी में आरक्षक के पद पर हुआ था जिसे इन्होंने सब इंस्पेक्टर के परिणाम की प्रत्याशा में ज्वाइन नहीं की। इनकी माता श्रीमती जीराबाई आंगनबाड़ी में सहायिका हैं जिन्होंने सिंगल पेरेंट्स के रूप में इनके मामा जीवन यादव व मामी मालती यादव के साथ चित्रेखा की परिवरिश की और पुलिस सेवा में जाने की प्रेरणा दी।
*शिक्षा, प्रेरणा एवं मार्गदर्शन*
चित्रेखा की प्रारंभिक पढ़ाई उनके गॉव में ही हुई इसके बाद हाई स्कूल की शिक्षा व उच्च शिक्षा अपने ग्राम से 10 किमी दूर मुंगेली में सायकल से प्रतिदिन आवागमन कर प्राप्त की। सब इंस्पेक्टर की तैयारी की इन्हें प्रारंभिक प्रेरणा तुलसी ध्रुव (व्याख्याता), महेश यादव (शिक्षक), रामचरण ध्रुव (लेखा अधिकारी), श्री दीनबंधु साहू (प्रधानपाठक), तेजनारायण यादव (पटवारी) से मिली जिसे सहायक लेखा अधिकारी चंद्रशेखर साहू, जीके हब मुंगेली में श्री अंकित तिवारी तथा चंद्रा एकेडमी द गाइड बिलासपुर में शिरोमणी चंद्रा सर के मार्गदर्शन से हासिल की। इस उपलब्धि पर इनके परिजन, गुरुजन, रिश्तेदार, मित्रगण, यादव समाज, एकंगु ग्रुप एवं सभी ग्रामवासियों ने चित्रेखा को शुभकामनाएँ एवं बधाइयाँ दी।
*अभाव में दिखा प्रभाव*
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण खेती-किसानी, घरेलू कार्य करने के साथ-साथ निजी स्कूल में अध्यापन करते हुए इन्होंने अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखी। आर्थिक परेशानी के बावजूद बिलासपुर शहर में 03 वर्ष रहकर तैयारी की। सुबह 4 बजे से उठकर गॉव से सायकल से मुंगेली के मैदान में शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी करने जाती थी। 2018 में विज्ञापन जारी होने और 2023 में साक्षात्कार होने के बाद लंबे अरसे से परीक्षा परिणाम की इंतजार कर रही थी ।
