मुंगेली के प्रमोद कुमार बने नायब तहसीलदार, दृढ़ संकल्प और मेहनत की मिसाल

मुंगेली जिले के पथरिया ब्लॉक के ग्राम छिंदभोग के निवासी प्रमोद कुमार कुर्रे ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग सीजीपीएससी- 2023 की परीक्षा में नायब तहसीलदार का पद हासिल कर अपनी मेहनत और लगन का उदाहरण प्रस्तुत किया है। सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री लेने के बाद उन्होंने कॉलेज के अंतिम वर्ष से ही पीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी। उनका यह तीसरा प्रयास था, जिसमें उन्होंने अपनी पिछली असफलताओं से सीखते हुए सफलता प्राप्त की। पहले प्रयास में प्रमोद मेन्स के बाद इंटरव्यू में कुछ अंकों से रह गए थे, जबकि दूसरे प्रयास में प्री परीक्षा भी पास नहीं कर सके। इन असफलताओं ने उन्हें और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। तीसरे प्रयास में उन्होंने आत्मविश्वास और पूरी तैयारी के साथ परीक्षा दी और नायब तहसीलदार के रूप में चयनित हुए। प्रमोद अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, बहन और गुरुजनों को देते हैं। उनका कहना है कि परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन ने उन्हें हर कठिनाई से लड़ने की शक्ति दी। स्कूल में 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन और पुरस्कृत होने से उनका आत्मविश्वास मजबूत हुआ। इंटरव्यू के दौरान उनसे आर्टिकल- 370, सिचुएशन बेस्ड सवाल, ग्रेजुएशन से संबंधित विषय और यहां तक कि 6 का पहाड़ा भी पूछा गया। प्रमोद ने आत्मविश्वास के साथ सभी सवालों का उत्तर दिया। कृषक परिवार से आने वाले प्रमोद का कहना है कि खेती से जुड़े अनुभवों ने उन्हें मेहनत और धैर्य का महत्व सिखाया। अब उनका अगला लक्ष्य डिप्टी कलेक्टर बनना है, और इसके लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उनकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो यह सिखाती है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी कठिन लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *