केंद्र सरकार की RAMP योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम रायपुर के तत्वाधान में NIMSME (National Institute for Micro, Small and Medium Enterprises) द्वारा आयोजित सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत टूरिज्म सेक्टर के प्रथम बैच का आज सफलतापूर्वक समापन

केंद्र सरकार की RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC), रायपुर के तत्वाधान में NIMSME (National Institute for Micro, Small and Medium Enterprises) द्वारा आयोजित सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत टूरिज्म सेक्टर के प्रथम बैच का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम होटल रीति रिवाज, सरकंडा, बिलासपुर में आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पर्यटन क्षेत्र से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े उद्यमी, नवोदित उद्यमी एवं महिला उद्यमियों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को इको-टूरिज्म, सतत एवं उत्तरदायी पर्यटन, स्थानीय संसाधनों पर आधारित पर्यटन उद्यमों की संभावनाओं तथा छत्तीसगढ़ शासन की औद्योगिक नीति 2024–30 के अंतर्गत पर्यटन क्षेत्र के लिए उपलब्ध प्रोत्साहनों, अनुदानों एवं शासकीय सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिवस कोरबियन एडवेंचर क्लब, कोरबा द्वारा एक विशेष तकनीकी एवं व्यवहारिक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें एडवेंचर टूरिज्म, अनुभवात्मक पर्यटन, सुरक्षा मानक, विपणन रणनीतियाँ एवं नवाचार आधारित पर्यटन मॉडल पर विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी उद्यमियों का उद्यम पंजीयन (Udyam Registration) भी कराया गया, जिससे उन्हें भविष्य में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं, वित्तीय सहायता एवं तकनीकी सहयोग का लाभ प्राप्त हो सकेगा।
इसी क्रम में टूरिज्म सेक्टर में द्वितीय बैच का सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी 30 एवं 31 जनवरी तथा 1 फरवरी को होटल रीति रिवाज, सरकंडा, बिलासपुर में आयोजित किया जाएगा। पर्यटन क्षेत्र में करियर या व्यवसाय प्रारंभ करने के इच्छुक युवाओं, महिला उद्यमियों एवं स्टार्टअप्स को इसमें सहभागिता हेतु आमंत्रित किया गया है। अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए मोबाइल नंबर 7566195551 पर संपर्क किया जा सकता है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पर्यटन क्षेत्र में उद्यमिता विकास, स्वरोजगार सृजन, कौशल उन्नयन एवं स्थानीय आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *