खुशियों को हाय, टैंशन को बाय : सुरक्षा प्रभाग सम्मेलन में मिला तनाव-मुक्त जीवन का संदेश

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मेडिटेशन ट्रेनिंग सेंटर रघुविहार द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय शिवमंगल मिलन मेला के अंतर्गत दिनांक 13 फरवरी को सुरक्षा प्रभाग सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में “खुशियों को हाय, टैंशन को बाय” विषय पर विशेष वर्कशॉप आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा सेवाओं से जुड़े अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री कपिल एस. कामडी, डिप्टी कमांडेंट CISF यूनिट, NTPC सीपत रहे तथा मुख्य वक्ता बी.के. विकास सर, मेडिटेशन ट्रेनर एवं गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर रहे जिन्होंने विभिन्न प्रेरक एक्टिविटीज के माध्यम से उपस्थित देश के जवानों के भीतर उमंग एवं उत्साह का संचार किया तथा टेंशन मुक्त रहने की सहज विधियाँ बताईं। उन्होंने कहा—
“किस प्रकार टेंशन लेने से या किसी भी प्रकार के नकारात्मक विचारों से तन और मन की बीमारियाँ उत्पन्न होती हैं। विचारों की सकारात्मकता हर प्रकार की बीमारियों का इलाज है। अतः आवश्यकता है सोच को सकारात्मक बनाने की।”

उन्होंने बताया कि परिस्थितियाँ नहीं, बल्कि हमारे विचार तनाव का कारण बनते हैं। यदि व्यक्ति अपने संकल्पों को सकारात्मक दिशा देता है, तो वह कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी मानसिक रूप से मजबूत और प्रसन्न रह सकता है।

मुख्य अतिथि कामडी जी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा—
“आज के कार्यक्रम में संकल्पों को सकारात्मक बनाने की जो कला हमने सीखी, वह केवल आज के लिए नहीं, अपितु इसे अपने जीवन में उतारकर सदा खुश रहने का संकल्प हम करते हैं।”
सम्मेलन का उद्देश्य सुरक्षा सेवाओं में कार्यरत कर्मियों को मानसिक सशक्तता, भावनात्मक संतुलन तथा तनाव-प्रबंधन की आध्यात्मिक तकनीकों से परिचित कराना रहा, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक एकाग्रता, शांति और ऊर्जा के साथ कर सकें।
कार्यक्रम का संचालन बी.के. शारदा बहन ने किया तथा संस्था का परिचय बी.के. अंजली बहन द्वारा दिया गया।

इस प्रकार कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *