
बिलासपुर। कॉनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स CAIT बिलासपुर इकाई द्वारा “बिजनेस 3.2 – ए न्यू एरा ऑफ बिजनेस” के तहत “वोकल फॉर लोकल” विषय पर एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को होटल टोपाज, लिंक रोड में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता CAIT बिलासपुर अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह ने की।

कार्यक्रम में बेलतरा विधानसभा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षित पांडे, उद्योगपति प्रवीण झा, होटल सूर्या और रॉयल स्वीट्स के डायरेक्टर सुनील छाबड़ा, CAIT राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र गांधी, राष्ट्रीय सचिव राजू सलूजा, CAIT प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष व बिलासपुर प्रभारी राकेश ओचवानी, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल और बलराम रोहरा मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत में CAIT बिलासपुर टीम द्वारा रोस्टर शीट का विमोचन किया गया। मंच संचालन संगठन महामंत्री परमजीत उबेजा और विष्णु गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।

व्यापारियों ने सरकार के सामने रखीं 2 बड़ी मांगें
बिजनेस नेटवर्किंग के बाद व्यापारियों ने विधायक सुशांत शुक्ला के समक्ष स्थानीय उद्योग और व्यापार की प्रमुख समस्याएं रखीं।
व्यापारियों ने कहा कि उद्योगों और दुकानों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि उत्पादन और कारोबार प्रभावित न हो। बिजली कटौती से छोटे व्यापारियों को रोजाना नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इसके साथ ही बिलासपुर से दक्षिण भारत के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने की पुरजोर मांग की गई। व्यापारियों का कहना था कि दक्षिण भारत चिकित्सा और शिक्षा का प्रमुख हब है। वहां इलाज और पढ़ाई के लिए हर महीने सैकड़ों परिवार जाते हैं। बिलासपुर से सीधी फ्लाइट शुरू होने से समय और पैसे दोनों की बचत होगी और व्यापार को भी गति मिलेगी।
विधायक सुशांत शुक्ला ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इन मुद्दों को शासन स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा और त्वरित समाधान के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने व्यापारियों से आत्मनिर्भर भारत में उनकी भूमिका को और मजबूत करने का आह्वान भी किया।
हर घर तिरंगा और व्यापार महोत्सव का आह्वान
हीरानंद जयसिंह, जितेंद्र गांधी और राजू सलूजा ने व्यापारियों को “हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा” अभियान से जोड़ने का संकल्प दिलाया। साथ ही दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘भारतीय व्यापार महोत्सव’ की जानकारी देते हुए बिलासपुर के व्यापारियों को इसमें बड़ी संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में CAIT बिलासपुर कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने सभी अतिथियों और व्यापारियों का आभार व्यक्त किया और स्मृति चिह्न भेंट किए।
बैठक में हरदीप होरा, प्रमोद वर्मा, प्रवीण सलूजा, नितिन सलूजा, सुरेंद्र अजमानी, मुकेश लालचंदानी, कैलाश भीमनानी, लक्ष्मी अनंत, राजेंद्र सिंह, भरत ऋषि, भरत केरवानी, विशाल विधानी सहित महिला टीम से फिरोज आलिम, सईदा वनक, भूमिका डोडेजा, अर्चना गौस्वामी, बबीता ताम्रकर, रोशनी दीक्षित, बरखा रानी सिंह और मोनिका बोड़के सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।