बिलासपुर प्रेस क्लब का 41वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

पूर्व अध्यक्षों ने साझा की संस्था के इतिहास और संघर्ष की यादें, प्रथम अध्यक्ष स्व. डीपी चौबे के योगदान को किया याद

बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब का 41वां स्थापना दिवस गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को राघवेंद्र राव सभा भवन स्थित प्रेस क्लब भवन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय कांति तिवारी, पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा और पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गहवई की मौजूदगी में केक काटकर खुशियां साझा की गईं।

कार्यक्रम की शुरुआत में पंडित शिवकुमार तिवारी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर नवीन फोटोकॉपी मशीन और मिनी फ्रिज का शुभारंभ कराया। इसके बाद उपस्थित पत्रकारों ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की बधाई दी।

इतिहास और लोकतांत्रिक परंपरा पर हुई चर्चा

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा, अध्यक्ष अजीत मिश्रा और पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गहवई ने प्रेस क्लब के इतिहास, संस्थापक सदस्यों के योगदान और संगठन की लोकतांत्रिक परंपराओं पर प्रकाश डाला।

वरिष्ठ पत्रकारों के अनुसार, 1980 के दशक में बिलासपुर के 24-25 पत्रकारों ने मिलकर वर्किंग जर्नलिस्ट एसोसिएशन की नींव रखी थी। उस समय ‘बिलासपुर टाइम्स’ के संपादक स्व. गंगा ठाकुर जैसे वरिष्ठों ने मार्गदर्शन दिया। संसाधनों के अभाव में वह एसोसिएशन ज्यादा दिन नहीं चल सकी, लेकिन उसी सोच से आगे चलकर बिलासपुर प्रेस क्लब का गठन हुआ।

प्रेस क्लब के प्रथम अध्यक्ष स्व. डीपी चौबे के योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने गंभीरता और समन्वय से संगठन को आकार दिया। उनकी सोच थी कि प्रेस क्लब केवल औपचारिक मंच न रहे, बल्कि पत्रकारों की साझा चेतना का केंद्र बने।

चुनाव प्रणाली की स्थापना का संघर्ष

वक्ताओं ने बताया कि शुरुआती दौर में अध्यक्ष का चयन सर्वसम्मति से होता था और अन्य पदाधिकारी मनोनीत किए जाते थे। बाद में छह वरिष्ठ पत्रकारों ने लोकतांत्रिक चुनाव की मांग उठाई। विरोध और निलंबन जैसी कार्रवाई के बावजूद यह मांग बदलाव में तब्दील हुई और मतदान के जरिए अध्यक्ष व पूरी कार्यकारिणी के चुनाव की परंपरा स्थापित हुई।

मौजूद रहे पत्रकार

समारोह में अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय कांति तिवारी, सहसचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव, पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गहवई सहित वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद इसराइल, रवि शुक्ला, जितेंद्र रात्रे, सैयद जफर आगा, तीरथ लहरे, अनिरुद्ध राजपूत सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *