मानवता के सेवक डॉ. कमल छाबड़ा सम्मानित, कोरोना काल में बने सैकड़ों परिवारों के लिए जीवन रक्षक

बिलासपुर। 27 जून 2026 को टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित राजयोग भवन में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित हुआ। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय और सामाजिक संगठन ‘सेवा एक नई पहल’ ने समाजसेवी डॉ. कमल छाबड़ा को उनकी नि:स्वार्थ और बहुआयामी सेवाओं के लिए सम्मानित किया।

‘सेवा एक नई पहल’ के संयोजक विकास घई, मनोज सिरवानी, पीयूष गोयल, महेंद्र मखीजा और सुनील आडवाणी ने डॉ. छाबड़ा को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मान दिया। संयोजिका रेखा आहूजा ने कहा कि कोरोना की भयानक लहर में जब हर ओर डर का माहौल था, तब डॉ. छाबड़ा ने जरूरतमंदों को नि:शुल्क ऑक्सीजन सिलेंडर और भाप मशीनें उपलब्ध कराकर सैकड़ों परिवारों को नया जीवन दिया। समाज उनका सदा ऋणी रहेगा।

ब्रह्माकुमारीज की सेवाकेंद्र संचालिका बीके स्वाति दीदी ने बताया कि बिलासपुर में संस्थान की स्थापना से ही डॉ. छाबड़ा का परिवार सेवा का मुख्य आधार रहा है। वे वर्तमान में इंदौर क्षेत्र की सेवाओं के समन्वयक और ‘मधुबन न्यूज़’ के छत्तीसगढ़ ब्यूरो प्रमुख हैं। किडनी रोगियों के लिए निशुल्क डायलिसिस मशीन दान, दिव्यांग भाई-बहनों के लिए हिंदी, उड़िया व अंग्रेजी में ब्रेल पुस्तकें छपवाकर विदेश भेजने जैसे उनके कार्य प्रेरणादायी हैं।

अपने संबोधन में डॉ. कमल छाबड़ा ने कहा कि सच्ची सेवा वही है जिससे स्वयं के और दूसरों के दिल से ‘वाह’ निकले। अवसर कभी मिलते नहीं, उन्हें आगे बढ़कर स्वीकार करना पड़ता है। बड़े और दादियों के सानिध्य से मिली सीख को वे जीवन में उतारते आए हैं।

उल्लेखनीय है कि डॉ. छाबड़ा को उनकी सेवाओं के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट करने और राष्ट्रपति भवन में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल होने का गौरव मिल चुका है। वे ‘सक्षम’ संगठन, रेडक्रॉस सोसाइटी, गुरुद्वारा दयालबंद के आजीवन सदस्य, लायंस क्लब बिलासपुर रॉयल के अध्यक्ष तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए नि:शुल्क स्टील बर्तन बैंक के संचालक भी हैं।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज परिवार के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। समारोह का समापन डॉ. छाबड़ा के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *