
बिलासपुर। प्रदेश के हजारों वैकल्पिक चिकित्सकों की आवाज अब सरकार के दरवाजे तक पहुंच गई है। डॉ. रमेश वैष्णव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के विशेष सलाहकार डॉ. थिरेन्द्र तिवारी से मुलाकात कर वैकल्पिक चिकित्सकों की लंबित मांगों और जमीनी समस्याओं का मुद्दा उठाया।
डॉ. वैष्णव ने कहा कि ग्रामीण और शहरी इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे वैकल्पिक चिकित्सकों को अब तक उचित मान्यता नहीं मिली है। उन्होंने मांग की कि इन चिकित्सकों के हितों की सुरक्षा और लंबित मांगों का शीघ्र समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री के विशेष सलाहकार डॉ. धीरेन्द्र तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक चिकित्सकों का योगदान महत्वपूर्ण है। सभी मुद्दों को शासन स्तर पर रखा जाएगा और प्राथमिकता से कार्रवाई होगी।
इस मौके पर डॉ. पिंकी श्रीवास, डॉ. सुमन शुक्ला समेत कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।