
बिलासपुर। सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है, इस भाव को साकार करते हुए श्री सूर्या पुष्पा फाउंडेशन ने रविवार को गुड्डू किराना स्टोर के सामने स्थित प्याऊ घर पर मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। पिछले चार माह से भीषण गर्मी में राहगीरों को शीतल जल पिलाकर उनकी प्यास बुझाने वाले गुड्डू महराज (धनेंद्र तिवारी) का फाउंडेशन द्वारा नारियल और शाल भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया।
मानसून के आगमन के साथ ही फाउंडेशन द्वारा संचालित प्याऊ घर का समापन समारोह सुबह 8 बजे सम्पन्न हुआ। इस गरिमामय अवसर पर फाउंडर डायरेक्टर गौरव शुक्ला ने गुड्डू महराज को शाल ओढ़ाकर एवं नारियल भेंट कर सम्मानित किया। शॉल और नारियल से सम्मानित होते गुड्डू महराज के साथ फाउंडर डायरेक्टर गौरव शुक्ला, पदाधिकारी टिकेश्वर शाव, विनीता तिवारी, शिव कुमार एवं फाउंडेशन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह में सभी ने गुड्डू महराज के त्याग और समर्पण भाव को हृदय से नमन किया।
फाउंडर डायरेक्टर गौरव शुक्ला ने कहा, “गुड्डू महराज यानी धनेंद्र तिवारी ने चार माह तक पूर्ण निष्ठा के साथ जल सेवा का कार्य किया। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच भी उनकी सेवा अनवरत जारी रही। उनके इस प्रयास से हजारों मजदूर, रिक्शा चालक, ठेले वाले और राहगीर लाभान्वित हुए। ऐसे समर्पित सेवाभावी का सम्मान करना हम सभी के लिए गौरव का विषय है।”
शहर के व्यस्ततम मार्ग पर स्थित इस प्याऊ घर से प्रतिदिन 500 से अधिक लोग लाभान्वित होते थे। मटके का शीतल जल पीकर राहगीर फाउंडेशन को आशीर्वाद देते थे।
इस अवसर पर गौरव शुक्ला ने संकल्प दोहराया कि श्री सूर्या पुष्पा फाउंडेशन द्वारा हर वर्ष ग्रीष्म ऋतु में प्याऊ घर का संचालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि आगामी ग्रीष्म ऋतु में इस वर्ष की तुलना में अधिक स्थानों पर प्याऊ घर स्थापित किए जाएं, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक जल सेवा पहुँचाई जा सके।