
बिलासपुर। रोटरी इंटरनेशनल की शाखा रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वींस की स्थापना वर्ष 2018 में हुई थी। महिलाओं द्वारा संचालित यह समाजसेवी संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, जन-जागरूकता एवं सेवा कार्यों के क्षेत्र में सतत रूप से अग्रणी भूमिका निभा रही है।
बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में अध्यक्ष रोटेरियन सीमा ठाकुर, सचिव रोटेरियन भारती सालुंके एवं कोषाध्यक्ष रोटेरियन प्रियंका रिकी जीवनानी ने क्लब की उपलब्धियों की जानकारी दी।
वर्षवार प्रमुख सेवा कार्य:
2019 – अध्यक्ष रोटे. प्रेरणा सुराणा: जरूरतमंद महिलाओं को 10 पिंक ई-रिक्शा उपलब्ध कराए गए, जिससे उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हुए।
2020-21 – अध्यक्ष रोटे. शिल्पी चौधरी: कोरोना काल में मरीजों को ऑक्सीजन सिलेंडर व बेड उपलब्ध कराने में सहयोग किया गया। विभिन्न बस्तियों में राशन व दवाइयों का वितरण किया गया। गनियारी स्थित जन स्वास्थ्य केंद्र में नवजात शिशुओं हेतु नियोनेटल आईसीयू स्थापित किया गया।
2022: वसुंधरा नगर में रोटरी गार्डन विकसित किया गया।
2023 – अध्यक्ष रोटे. वंदना सिंह: बर्न केस से पीड़ित 15 महिलाओं का निःशुल्क उपचार कराया गया। एम्बुलेंस सेवा प्रारंभ की गई। स्ट्रीट वेंडर्स को ठेले वितरित किए गए। ग्राम गटौरी के प्राथमिक शाला का जीर्णोद्धार कराया गया।
2024 – अध्यक्ष रोटे. मनीषा जायसवाल: रोटरी गार्डन परिसर में मंदिर का निर्माण कराया गया। स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। ग्राम लिमतरी के प्राथमिक शाला का नवीनीकरण कराया गया।
2025-26 – अध्यक्ष सीमा ठाकुर: दिव्यांग बच्चों हेतु खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। कैंसर पीड़ित मरीजों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। हैप्पी स्कूल प्रोजेक्ट के अंतर्गत चंदन आवास, राजकिशोर नगर स्थित शासकीय शाला में जीर्णोद्धार, शौचालय निर्माण, पेयजल व्यवस्था, अतिरिक्त कक्षों का निर्माण एवं रंग-रोगन का कार्य कराया गया।
क्लब द्वारा प्रतिवर्ष कन्या विवाह में सहायता राशि व आवश्यक सामग्री प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त समय-समय पर स्वेटर, कंबल, खाद्य सामग्री, स्टेशनरी व दवाइयों का वितरण किया जाता है। आवश्यकता वाले स्थानों पर वाटर कूलर की स्थापना की गई है। खेल के क्षेत्र में मैराथन व फुटबॉल टूर्नामेंट तथा फंडरेजर के रूप में गरबा, साड़ी वॉकेथॉन, होली सेलिब्रेशन जैसे आयोजन कर प्राप्त राशि को विभिन्न सेवा कार्यों में लगाया जाता है।
पत्रकार वार्ता में वंदना सिंह, मनीषा जायसवाल, संगीता चोपड़ा, रिंपी होरा, बंटी सैनी, सुनीता अग्रवाल, अमिता गोयल सहित क्लब की अन्य सदस्याएं उपस्थित थीं।