बिलासपुर में सराफा महासम्मेलन 2026: हजारों व्यापारियों ने दिखाई एकजुटता, उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिया जेम्स पार्क का तोहफा, स्वर्णकला बोर्ड व कानूनी सरलीकरण पर बनी सहमति

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के वर्तमान कार्यकाल की तृतीय आमसभा के अवसर पर मंगला स्थित रामदेव लॉन में भव्य ‘सराफा महासम्मेलन 2026’ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। “2 साल बेमिसाल, तीसरा साल बनेगा नई मिसाल” के संकल्प के साथ आयोजित इस महासम्मेलन में “बिलासपुर चलो…” के आह्वान पर समूचे छत्तीसगढ़ से हजारों की संख्या में सराफा व्यापारी एकत्रित हुए। कार्यक्रम का सफल संयोजन जिला बिलासपुर सराफा एसोसिएशन एवं समस्त क्षेत्रीय इकाइयों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि उप-मुख्यमंत्री अरुण साव, उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा, बिल्हा विधायक धर्मलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व विधायक कृष्ण कुमार बांधी सहित बड़ी संख्या में सराफा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

स्वर्णकला बोर्ड एवं व्यापारी हित पर चर्चा
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने अपने उद्बोधन में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की भूमि आबंटन हेतु छत्तीसगढ़ शासन का आभार व्यक्त करते हुए इसे शीघ्र क्रियान्वित करने की बात कही। साथ ही बिलासपुर में भी जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की स्थापना एवं स्थानीय कारीगरों के संरक्षण तथा पारंपरिक व्यापार को बढ़ावा देने के लिए ‘स्वर्णकला बोर्ड’ के तत्काल गठन की मांग की। इस पर उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की फाइल तत्काल आगे बढ़ाने हेतु निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे को निर्देशित किया।

कानूनी सरलीकरण की मांग
धारा 317 BNS / 411 IPC के दुरुपयोग को रोकने और सराफा व्यापारियों के हितों की रक्षा हेतु नियमों के सरलीकरण पर विस्तृत चर्चा हुई। उप-मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने आश्वस्त किया कि धारा 317 से जुड़ी व्यापारियों की समस्याओं पर आज ही विभाग से चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा, जिससे सराफा व्यापारियों को व्यापार करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

वरिष्ठों व सभी इकाइयों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में ‘सराफा रत्न’ से संस्थापकों, पूर्व अध्यक्षों, सक्रिय वरिष्ठ सदस्यों तथा सभी जिला इकाइयों का सम्मान किया गया। इसी सत्र में BIS एवं GST के शीर्ष अधिकारियों द्वारा विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें नए नियमों, हॉलमार्किंग और टैक्स प्रक्रियाओं के संबंध में व्यापारियों की शंकाओं का समाधान किया गया।

शहर विकास के लिए हर संभव प्रयास: तोखन साहू
अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच सम्मेलन के समापन अवसर पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि सराफा एसोसिएशन का यह तीसरा साल बेमिसाल होने वाला है। प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने जिस तरह से सराफा व्यापारियों को एकजुट किया है, वह सराहनीय है। बिलासपुर के विकास के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यस्तता के कारण कार्यक्रम में देरी हुई, लेकिन एसोसिएशन से किया वादा पूरा करने वे स्वयं पहुंचे हैं।

रक्तदान शिविर का आयोजन
महासम्मेलन के दौरान साईं ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 50 यूनिट से अधिक रक्त संग्रहित किया गया, जिसे जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा।

आयोजक एवं सहयोगी इकाइयाँ
इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में जिला बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कल्याण सिंह, सचिव दीपक सोनी, कोषाध्यक्ष आलोक सोनी और कार्यकारी अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय की प्रमुख भूमिका रही। प्रांतीय टीम से प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी, प्रदेश सचिव प्रकाश गोलछा, प्रदेश कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन जैन, चेयरमैन प्रदीप घोरपड़े, संजय कुमार कानूनगो, उत्तम चंद भंडारी, मदन अग्रवाल, राजू डुग्गड, राजेश सोनी, सुनील सोनी और मीडिया प्रभारी आलोक सोनी ने पूरे कार्यक्रम का कुशल प्रबंधन किया। आभार प्रदर्शन के साथ इस ऐतिहासिक महासम्मेलन का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *