बिलासपुर, 29 जून 2026। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन का तृतीय प्रांतीय महासम्मेलन सराफा व्यापारियों की एकता और संकल्प-शक्ति का ऐतिहासिक उद्घोष बन गया। प्रदेशभर से आए सैकड़ों सराफा व्यवसायियों की उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि संगठित शक्ति के समक्ष हर चुनौती बौनी है।
महासम्मेलन में संगठन की आगामी दशा-दिशा तय करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। वर्तमान में 125 से अधिक सक्रिय इकाइयों के साथ खड़े संगठन ने आगामी वर्ष में 251 इकाइयों तक विस्तार का महासंकल्प लिया। व्यापारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ‘ऑपरेशन गोल्ड’ के क्रियान्वयन पर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।
ग्राहकों का विश्वास अर्जित करने हेतु BIS हॉलमार्क के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा व्यापार में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही छत्तीसगढ़ को ज्वेलरी निर्माण का राष्ट्रीय केंद्र बनाने के उद्देश्य से प्रस्तावित ‘जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क’ की स्थापना को लेकर गंभीर मंथन हुआ।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह महासम्मेलन केवल वार्षिक बैठक नहीं, बल्कि सराफा समाज के स्वाभिमान और स्वावलंबन का प्रतीक है। एकजुटता के बल पर ही हम अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले प्रदेश के समस्त सराफा बंधुओं, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का एसोसिएशन ने हृदय से आभार व्यक्त किया।
सराफा का संकल्प:
एकता में शक्ति है • संगठन में भक्ति है • 251 का लक्ष्य निश्चित है