बिलासपुर, 8 जुलाई 2026। तारबाहर थाना क्षेत्र स्थित अम्बा फ्यूल पेट्रोल पंप पर सोमवार देर शाम पत्रकार शिवा गोरख के साथ हुई मारपीट की घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में रात के समय पेट्रोल पंप पर काफी भीड़ दिख रही है और कई लोग एक जगह इकट्ठा होकर बहस करते नजर आ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप पर किसी बात को लेकर प्रेस क्लब बिलासपुर के सदस्य शिवा गोरख की एक युवक से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर युवक ने अपने साथी आरक्षक अभिषेक बक्श को बुला लिया। CCTV में दिख रहा है कि देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
घटना के बाद पीड़ित पत्रकार शिवा गोरख ने तारबाहर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरक्षक अभिषेक बक्श एवं उसके साथी युवक के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV में क्या दिखा:
फुटेज में रात करीब 8-9 बजे का समय दिख रहा है। पंप पर कई बाइक सवार और लोग मौजूद हैं। एक जगह कई लोगों के जमा होने और हाथापाई जैसी स्थिति साफ दिख रही है। पंप के कर्मचारी और कुछ लोग बीच-बचाव करते भी नजर आ रहे हैं।
तारबाहर थाना प्रभारी ने बताया कि CCTV फुटेज को जांच में शामिल किया गया है। शिकायत और फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस क्लब ने जताई नाराजगी, थाने पहुंचकर दिया ज्ञापन
घटना की जानकारी मिलते ही प्रेस क्लब बिलासपुर के पदाधिकारी भी थाने पर पहुंचे और कार्रवाई की मांग हेतु ज्ञापन दिया। क्लब ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।