रिश्तों की संवेदनाओं को दर्शाती है सतीश जी की किताब ‘यादों का सफर’


बिलासपुर/कोटा। कोटेश्वर महादेव की नगरी करगीरोड कोटा के प्रतिष्ठित साहित्यकार सतीश कुमार तिवारी द्वारा लिखित काव्य संग्रह “यादों का सफर” का विमोचन 11 जुलाई की शाम धूमधाम के साथ हुआ। उन्होंने अपना 75वां जन्मदिन 75 पौधे बांटकर मनाया।

इस अवसर पर थावे विद्यापीठ, गोपालगंज बिहार के कुलपति एवं छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विनय कुमार पाठक ने मुख्य अतिथि की आसंदी से कहा – “सतीश कुमार तिवारी जी की यह किताब उनके जीवन के उतार-चढ़ाव एवं रिश्तों की संवेदनाओं को दर्शाती है। यह किताब उनके जीवन संघर्षों की कहानी कहती है तथा यह उनके जीवन का प्रतिबिम्ब है।”

“यादों का सफर: कल से आज तक” के इस विमोचन समारोह में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. रमेश चंद्र श्रीवास्तव, वरिष्ठ साहित्यकार एवं समीक्षक विष्णु तिवारी, वरिष्ठ कवि डॉ. सत्यनारायण तिवारी, प्राचार्य भी उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा साहित्यकार सतीश जी का 75वें जन्मदिन के अवसर पर शाल व श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

सतीश जी ने अपने जन्मदिन पर फल, फूल एवं अन्य किस्म के 75 पौधे वितरित किए। उल्लेखनीय है कि श्री सतीश तिवारी प्रोजेक्ट रेंज ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त हैं। इसके अलावा वे किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष, पतंजलि योग समिति के प्रभारी सहित अन्य संस्थाओं से जुड़े हुए हैं। उनके प्रतिष्ठान श्री राम सा मिल की स्थापना को भी 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। उनका जन्मदिन संयुक्त रूप से केक काटकर मनाया गया।

इस कार्यक्रम में परिवार से सरोज तिवारी, डॉ. गीतिका, प्रगति तिवारी, स्वाती, शशांक शुक्ला, डॉ. श्रद्धा पांडेय, मोहित जायसवाल, जिला ग्रामीण अध्यक्ष महाराज सिंह नायक, रंगा नादम, विकास सिंह, पूर्व अध्यक्ष अरुण त्रिवेदी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरोज साहू, ग्रामीण उपाध्यक्ष आदित्य दीक्षित, डॉ. राम, डॉ. सुधाकर बिबे, सी.एल. राठौर, डॉ. एस.एस. वाजपेयी, सुलेश पांडेय, घनश्याम गुप्ता, वेंकट अग्रवाल, सर्वोदय साहित्य से सोमप्रभा तिवारी ‘नूर’, प्रभा शर्मा, ज्योति श्रीवास, चंद्रप्रकाश साहू, वीरेंद्र दास, सुदामा चौहान, रामनारायण तिवारी, शिव प्रसाद मिश्रा ‘लल्लन महाराज’, डॉ. निशांत, रावल, चारी सर आदि करगीरोड कोटा के गणमान्य नागरिक भारी संख्या में मौजूद रहे।

समारोह का संचालन शिवांसु एवं श्रेयांस तिवारी द्वारा किया गया। अंत में संगीत कार्यक्रम के साथ डॉ. सत्यनारायण तिवारी ने आभार व्यक्त किया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *