बिलासपुर जिला अधिवक्ता संघ चुनाव: अनुराग बाजपेयी 380 वोटों से अध्यक्ष निर्वाचित, नई कार्यकारिणी घोषित

बाजे-गाजे से हुआ स्वागत, हनुमान मंदिर में पूजा कर लिया आशीर्वाद

बिलासपुर। जिला अधिवक्ता संघ के द्विवार्षिक चुनाव में अधिवक्ताओं ने भारी मतदान कर अपना नया नेतृत्व चुन लिया है। अध्यक्ष पद पर अधिवक्ता अनुराग बाजपेयी ने 380 मतों के बड़े अंतर से शानदार जीत दर्ज की है।

मतदान और मतगणना
संघ के चुनाव में शनिवार को मतदान हुआ था। कुल 2446 मतदाताओं में से 1819 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। वहीं 17 अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को डाक मतपत्र से मतदान किया था। मतदान के बाद मतपेटियां सिविल लाइन थाना में जमा कराई गई थीं। रविवार की सुबह प्रत्याशियों की उपस्थिति में मतपेटियां मतगणना स्थल लाई गईं। देर शाम तक सभी प्रमुख पदों के परिणाम घोषित किए गए।

नवनिर्वाचित पदाधिकारी

  1. अध्यक्ष: अनुराग बाजपेयी – 380 मतों के अंतर से विजयी
  2. वरिष्ठ उपाध्यक्ष: धनंजय सिंह
  3. कनिष्ठ उपाध्यक्ष महिला: राधा रजक
  4. सचिव: विवेक पांडेय – 179 मतों से
  5. सह सचिव: शंकर चतुर्वेदी – 183 मतों से
  6. ग्रंथालय सचिव: मनोज सिंह ठाकुर – 96 मतों से
  7. कोषाध्यक्ष: श्वेता शास्त्री – 270 मतों से
  8. सचिव दिग्रस्कर क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक: 289 मतों से

कार्यकारिणी सदस्य
महिला आरक्षित पद: अधिवक्ता हेमलता साहू 1152 मत प्राप्त कर प्रथम एवं प्रतीक्षा सिंह 862 मत प्राप्त कर द्वितीय वरियता में निर्वाचित हुईं।
कार्यकारिणी सामान्य के 4 पदों के लिए देर शाम तक मतगणना जारी रही।

जीत का जश्न और पूजा
निर्वाचित पदाधिकारियों ने परिणाम आने के बाद बाजे-गाजे और समर्थकों के साथ सबसे पहले न्यायालय परिसर में स्थित हनुमान मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद संघ कार्यालय में नए पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया।

नए अध्यक्ष अनुराग बाजपेयी ने कहा कि अधिवक्ताओं के हित, कोर्ट की मूलभूत सुविधाएं और अधिवक्ता कल्याण उनकी प्राथमिकता रहेंगे। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संघ की एकता और मजबूती के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में बार की समस्याओं का समाधान होगा और अधिवक्ता समाज को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *