
बिलासपुर
शनिवार को बिलासपुर के कोनी क्षेत्र में शिक्षा में पारदर्शिता और पेपर लीक के विरुद्ध चल रहे “छात्रों की गूंज” अभियान ने नई ऊंचाई छुई। सैकड़ों छात्रों ने तिरंगा लेकर ऐतिहासिक विजय मार्च निकालकर अपनी एकजुटता और लोकतांत्रिक शक्ति का परिचय दिया।

विजय मार्च का शुभारंभ कोनी स्थित मोह माया कैफे से हुआ। “पारदर्शी शिक्षा, निष्पक्ष परीक्षा” के नारों के साथ निकले इस जुलूस में अनुशासन और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की मिश्रा, सुजल दुवेदी, उमर अहमद, यश अवस्थी, रोशन अहीरवार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस लोकतांत्रिक उपलब्धि का उत्सव मनाया।
छात्र नेताओं ने कहा कि “यह विजय केवल हमारी नहीं, बल्कि प्रत्येक उस छात्र की है जो पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली चाहता है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षा को छात्र-केंद्रित और जवाबदेह बनाने का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
तिरंगे के साथ निकले इस मार्च ने यह संदेश दिया कि जब युवा शांतिपूर्ण एवं संगठित रूप से अपनी बात रखते हैं, तो उनकी आवाज़ अवश्य सुनी जाती है।
कोनी का यह विजय मार्च प्रदेश के समस्त विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।